दुर्ग

अमित शाह के दुर्ग प्रवास के दौरान युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
23-Jun-2023 4:10 PM
अमित शाह के दुर्ग प्रवास के दौरान युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

बेरोजगारी और महंगाई के विरोध में काले झंडे दिखाने का किया प्रयास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 जून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान दुर्ग में प्रस्तावित सभा के समीप दुर्ग शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आयुष शर्मा एवं ग्रामीण अध्यक्ष जयंत देशमुख के संयुक्त नेतृत्व में युवा कांग्रेसियों ने गृहमंत्री के दौरे का विरोध करते हुए काले झंडे दिखाने का प्रयास किया।

9 वर्ष पूर्व केंद्र की सत्ता में आई मोदी सरकार के वादाखिलाफी बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी से आक्रोशित युवा काले कपड़ों में काले झंडे दिखाने निकले थे जहां जेल तिराहे के समीप पुलिस बल से उनकी जमकर झुमा झटकी हुई व दोनों अध्यक्षों समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को सांकेतिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

शहर अध्यक्ष आयुष शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा मुद्दा विहीन है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल देश विदेश में चर्चित हो रहा है वहीं जयंत देशमुख ने कहा कि प्रदेश के साम्प्रदायिक सौहाद्र को खराब करने का भाजपा लगातार प्रयास कर रही है।

चार वर्ष की गहरी नींद से जागने के बाद चुनावी वर्ष में केंद्रीय नेताओं की सक्रियता भाजपा के हार का डर प्रदर्शित कर रही है। प्रदेश में कांग्रेस का माहौल है झूठ और जुमलों से जनता अब अनजान नहीं है।


अन्य पोस्ट