दुर्ग

नियमितीकरण समेत 6 मांगों को लेकर जुलाई में लामबंद होंगे अनियमित कर्मचारी
22-Jun-2023 2:47 PM
नियमितीकरण समेत  6 मांगों को लेकर जुलाई में लामबंद होंगे  अनियमित कर्मचारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 22 जून। चुनावी वर्ष 2018 में कांग्रेस पार्टी ने अपने जन घोषणापत्र में अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने, किसी भी कर्मचारी को छंटनी ना करने और आउटसोर्सिंग बंद करने का वादा किया था, लेकिन आज साढ़े 4 वर्ष बीत जाने के बाद भी सरकार अपने वादे को पूरा नहीं कर पाई है। जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस आक्रोश को प्रदर्शित करने आगामी माह में 18 से 21 जुलाई को रायपुर राजधानी में छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के संयुक्त तत्वाधान में कर्मचारी संगठन एकजुट हो रहे हैं, जिसके तहत संविदा महिला बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं समन्वयक संघ छत्तीसगढ़ भी पूर्ण सहमति के साथ समर्थन पत्र जारी कर चुका है। छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गढ़पाले को संविदा संघ की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी रीना दिल्लू और प्रदेश संयोजक अजीत नाविक ने बताया है कि आगामी हड़ताल में उनके संगठन से 4000 लोगों की उपस्थिति धरना स्थल पर रहेगी जिसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।


अन्य पोस्ट