दुर्ग

आवास योजना के निर्माण एजेंसी को नोटिस
15-Jun-2023 8:07 PM
आवास योजना के निर्माण एजेंसी को नोटिस

भिलाई नगर, 15 जून। भिलाई- चरोदा निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी ने बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना विभाग से संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक में जमकर फटकार लगाई। शासन की इस महत्वपूर्ण योजना में अपेक्षाकृत कार्य नहीं करने वाली निर्माण एजेंसियों के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश निगम आयुक्त ने बैठक में प्रदान किये।

प्रत्येक सप्ताह समस्त विभाग प्रमुखों की बैठक लेकर लोक निर्माण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुये प्रधानमंत्री आवास योजना में अपेक्षा अनुकूल निर्माण कार्य अपूर्ण होने को लेकर गंभीर रूप से निगम आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की है।

निगम के कार्यपालन अभियंता सुनील जैन जो कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी भी हैं, ने निगम आयुक्त के समक्ष प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसके अनुसार अभी तक भिलाई- चरोदा क्षेत्र में कुल 6548 आवास बनाये जाने हैं। जिसमें से 3409 आवास पूर्ण एवं शेष आवास निर्माणाधीन हैं। इन शेष आवासों को 30 जून 2023 तक की स्थिति में हर हाल में पूर्ण करने के कड़े निर्देश निगम आयुक्त ने जारी किये हैं।

इस बैठक में निगम के सीएलटीसी अंकित साहू (सिविल) जया पमनानी (एमआईएस) एवं टिकेन्द्र शर्मा (सोशल ) एवं निर्माण एजेंसी सौरभ मिश्रा, नूतनपुरी गोस्वामी एवं निकेश ताम्रकार उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट