दुर्ग

गार्डन के गेट पर ताला जड़ पार्षद ने चिपका दी नोटिस
14-Jun-2023 5:18 PM
गार्डन के गेट पर ताला जड़ पार्षद ने चिपका दी नोटिस

लिखा-कोई जबरदस्ती प्रवेश करेगा तो होगी पुलिसिया कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 14 जून। भिलाई नगर निगम के राधिका नगर वार्ड में स्थित बाल उद्यान के गेट पर ताला जडऩे और नोटिस चस्पा कर गार्डन में प्रवेश रोकने का मामला गरमा गया है। पार्षद के इस कार्य को अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए मामले की शिकायत भिलाई निगम आयुक्त और सुपेला थाना में की गई है।

भिलाई नगर निगम के आयुक्त आशीष देवांगन ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वो जोन आयुक्त से जानकारी लेंगे, यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी और उसके बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है।

ज्ञात हो कि राधिका नगर के इस गार्डन में कांग्रेस पार्षद और एमआईसी मेंबर आदित्य सिंह ने कुछ लोगों के विवाद को कारण बताते हुए ताला लगा दिया है। उन्होंने गार्डन के गेट पर बाकायदा अपना एक नोटिस भी चस्पा किया है। निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज भोजू ने पार्षद के इस कृत्य को गलत बताया है।

यह पूरा विवाद दो दिन पहले शुरू हुआ, जब पार्षद आदित्य सिंह ने वार्ड-7 राधिका नगर स्थित एक गार्डन में ताला लगाकर उसे सील कर दिया। इसके चलते लोग गार्डन में नहीं जा पा रहे हैं और उनमें आक्रोश पनप रहा है। अचानक गार्डन के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने इसका विरोध किया। इसके बाद पार्षद आदित्य सिंह ने गार्डन के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करके वहां ताला लगा दिया है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पार्षद के द्वारा एक पक्षीय कार्रवाई की जा रही है। जब गार्डन जंगल झाड़ी से अटा पड़ा था, तब वहां कोई नहीं आया। जब उन लोगों ने खुद वहां की सफाई कर उसे सुव्यवस्थित कर दिया तो अब उन्हीं लोगों को गार्डन में जाने से रोका जा रहा है। इसे लेकर वार्ड के लोगों ने निगम आयुक्त से शिकायत की है।

पार्षद अदित्य सिंह की इस कार्रवाई को एक पक्षीय बताते हुए युवा शक्ति संगठन राधिका नगर भिलाई के मदन सेन, विक्रम प्रसाद, रोहित निर्मलकर, विकास पांडेय, दुर्गा प्रसाद पांडेय, पीसी साहू, चन्द्र कुमार साहू, कुन्ते लाल साहू, चन्द्रेश साहू, अशोक रुसिया, विरेन्द्र साहू और कमलेश देवांगन ने विरोध जताते हुए निगम आयुक्त को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपने के बाद मामले की सुपेला थाने में शिकायत की है।

गौरतलब हो कि पार्षद ने चस्पा नोटिस में लिखा है कि राधिका बाल उद्यान में विगत कुछ महीनों से आपसी विवाद तथा तनाव की स्थिति बनी हुई है। बार-बार शिकायत प्राप्त होने के कारण उक्त उद्यान को कुछ समय के लिए अस्थाई रूप से निगम प्रशासन को सूचित कर ताला बंद किया जा रहा है। विवाद निराकरण तक गार्डन की चाबी नगर निगम पार्षद कार्यालय में रखी जाएगी। इसे आवश्यकता अनुसार सफाई एवं पौधों में पानी डालने के लिए निगम के सफाई सुपरवाइजर और सफाई कर्मियों द्वारा ताला खोला जाएगा। अगर किसी भी अन्य व्यक्ति द्वारा ताला खोलने या जबरदस्ती अंदर घुसने का प्रयास किया गया तो निगम प्रशासन द्वारा पुलिसिया कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा।

पार्षद आदित्य सिंह ने बताया कि गार्डन में आने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो रहा है। कुछ लोग दूसरे वार्ड से आकर यहां योगा करते थे। विवाद के चलते इसकी शिकायत सुपेला थाना प्रभारी और जोन आयुक्त तक भी गई है और इसके बाद उनके कहने पर गार्डन में ताला लगाकर नोटिस लगाया गया है।

 वहीं नगर निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा का कहना है कि पार्षद एक जनप्रतिनिधि है। उसका कार्य जनता की बात को अधिकारियों तक पहुंचाना और उनसे उसे करवाना होता है, किसी भी गार्डन में ताला लगाना या नोटिस चस्पा करना पार्षद यहां तक की एमआईसी मेंबर के अधिकार में नहीं आता है। निगम प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। जो कार्रवाई उन्हें करनी चाहिए, वो पार्षद के द्वारा कैसे की जा रही हैं, ये समझ से परे है।


अन्य पोस्ट