दुर्ग

टैक्स चोरी का नया तरीका, ट्रांसपोर्टर चलवा रहे थे एक ही नंबर के दो ट्रेलर
13-Jun-2023 7:59 PM
 टैक्स चोरी का नया तरीका, ट्रांसपोर्टर चलवा रहे थे एक ही नंबर के दो ट्रेलर

पुलिस ने दोनों वाहन खड़ा करवाया थाने में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 13 जून। टैक्स चोरी के लिए एक वाहन के नंबर प्लेट कई गाडिय़ों में लगाकर ट्रांसपोर्टर चलवाते रहे हैं। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आरटीओ टैक्स चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां ट्रक मालिक एक गाड़ी की नंबर प्लेट कई गाडिय़ों में लगाकर चलवा रहे हैं। इसका खुलासा तब हुआ, जब दुर्ग पुलिस ने एक नंबर के दो-दो ट्रेलर को एक साथ पकड़ा। पुलिस दोनों ट्रेलर को पकडक़र थाने ले आई है और गाड़ी मालिक से दोनों ट्रेलरों के कागज मंगाए गए हैं।

पुरानी भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में गुरु कृपा ट्रांसपोर्ट कंपनी का मालिक एक ट्रेलर का नंबर कई ट्रेलर में लगाकर चलवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम डबरापारा ट्रांसपोर्ट नगर मंदिर के पास पहुंची।

उन्होंने देखा कि वहां दो ट्रेलर खड़े हैं। दोनों ट्रेलर का नंबर सीजी 04 जेसी 7212 है। ट्रक मालिक का पता करने पर पता चला कि दोनों ट्रक किसी दादा रेडिएटर नाम से रजिस्टर्ड है।

 पुलिस ने काफी लोगों से पूछा लेकिन न तो ट्रेलर का मालिक आया और न ही ड्राइवर। इसके बाद पुलिस ने फोन करके दूसरे ट्रक ड्राइवर को बुलवाया और दोनों ट्रेलर को पुरानी भिलाई थाने में लाकर खड़ा करा दिया गया है।  पुलिस का कहना है कि उन्होंने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मालिक को सूचना देकर उसके दस्तावेज मंगाए गए हैं। जांच के बाद जो भी कमी पाई जाएगी उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि मोटर मालिक ऐसा परिवहन टैक्स चोरी करने के लिए करते हैं। वो एक ही कंपनी, रंग और मॉडल के ट्रक और ट्रेलर खरीद लेते हैं। इसके बाद एक ट्रक के नंबर के परमिट का टैक्स पे करते हैं और बाकि का परमिट सरेंडर कर देते हैं। इसके बाद उस एक ट्रक का नंबर अपनी अन्य गाडिय़ों में लगाकर उससे माल ढुलाई करते हैं। इस तरह से वो एक गाड़ी का परिवहन टैक्स भरते हैं और बाकि गाडिय़ों को खड़ा दिखा देते हैं। कई बार पुलिस को सूचना मिलती है कि फला नंबर के ट्रक ने दुर्घटना करके किसी की जान ले ली और चालक ट्रक लेकर फरार हो गया है।

इस तरह एक नंबर प्लेट कई ट्रक में लगा होने से ट्रक मालिक दूसरे ट्रक का सीसीटीवी फुटेज या टोल टैक्स की रसीद दिखाकर कानून व कोर्ट को गुमराह कर सकता है कि उसका ट्रक तो दुर्घटना के समय दूसरी जगह पर था। उसकी गाड़ी ने कोई दुर्घटना की ही नहीं है फिलहाल पुलिस ट्रेलर मालिक का इंतजार कर रही है।


अन्य पोस्ट