दुर्ग
न संकेतक लगा और न ही काम हो रहा, आवाजाही में परेशानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 मई। नाली निर्माण के नाम पर पिछले 7 दिनों से आदित्य नगर मुख्य सडक़ को ही खोद दिया गया है। इसके चलते मार्ग गुजरने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और निगम प्रशासन के इस तरह के विकास की गति को देख आस पास के रहवासी खासे नाराज हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से रास्ता बंद होने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
आदित्य नगर के लोगों ने बताया कि यहां चार दिन पहले गड्ढा खोदा और फिर काम बंद कर दिया गया है, नाली के पास से निकला हुआ मलबा सडक़ पर ही जमा है जो कि हादसे की आशंका के चलते डेंजर जोन बना हुआ है। ऐसे धीमे कार्य की लापरवाही इतनी कि मार्ग खोदने के बाद संकेतक तक नहीं लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत भी निगम प्रशासन से की है लेकिन अभी तक मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया है नतीजतन इस क्षेत्र के लोग हैरान परेशान हैं।