दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 मई। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर बागी होकर चुनाव लडऩे वालों की घर वापसी शुरू कर दी है फिलहाल दुर्ग जिला भाजपा संगठन क्षेत्र के 25 लोगों का निष्कासन रद्द किया गया है। भिलाई जिला भाजपा की ओर से भी लगभग 37 लोगों की सूची भाजपा की प्रदेश अनुशासन समिति को भेजी गई है। समिति से सूची अनुमोदित होते ही यहां भी सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का निष्कासन व निलंबन समाप्त कर उनकी पार्टी सदस्यता बहाल कर दी जाएगी।
दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने दुर्ग नगर निगम, अहिवारा नगर पालिका और नगर पंचायत धमधा, उतई, पाटन में वर्ष 2019 के नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी के विरुद्ध बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के निष्कासन समाप्ति की है। दुर्ग संगठन में पार्षद शिवेंद्र सिंह परिहार, मीना सिंह, कविता तांडी और अरुण कुमार सिंह अब पार्टी में लौट आए हैं।
वहीं बागी होकर चुनाव लडऩे वाले श्याम शर्मा, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, अमर भोई, रेखा लोढा, पार्वती साहू, दिनेश मिश्रा, मोहनलाल केसवानी, वसीम कुरैशी, खिलावन मटियारा, रोशनी फत्ते साहू, ममता देवांगन, श्रीमती सविता पोषण साहू, दशरथ लाल पेंदरिया, अनूप सोनी और पद्मावती देवांगन का निष्कासन रद्द हो गया है।