दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 मई। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं आम जनता को लाभ दिलाएं ऐसी उम्मीद है नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सभी से अच्छा तालमेल बनाकर बेहतर काम करेंगी सरकार एवं पूरा विभाग आपके साथ है। आप सभी को मिलकर बढिय़ा काम करना है यह बातें प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यान्त्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्र कुमार ने जिला पंचायत दुर्ग के नव निर्वाचित अध्यक्ष पुष्पा यादव के शपथ ग्रहण समारोह में व्यक्त की।
इस दौरान जिला पंचायत दुर्ग के नव निवार्चित अध्यक्ष यादव को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण पश्चात सभी सदस्यों एवं मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष पुष्पा यादव ने कहा कि वे आपस में समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूर्व अध्यक्ष शालिनी यादव ने शालिनता पूर्वक सबको साथ लेकर काम की उसी प्रकार उनके द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए देखे गए सपने को साकार करने का प्रयास करेंगी।
इस दौरान नगर निगम सभापति राजेश यादव, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जितेन्द्र साहू, जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष अशोक साहू, योगिता चंद्राकर, मोरध्वज साहू, चंद्रकला मनहर, हर्षा लोकमणी चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख, सरस्वती रात्रे, रोहित साहू सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच गण उपस्थित थे।
इस दौरान स्वागत क्रम को लेकर भाजपाई जिला पंचायत सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की मंत्री के स्वागत के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष व कुछ सदस्यों के बाद दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख का स्वागत के लिए नाम पुकारे जाने पर सदस्य माया बेलचंदन ने कहा कि वे जिला पंचायत के सदस्य है जिन्हें स्वागत के लिए बुलाया नहीं जा रहा है। पहले सभी सदस्यों को बुलाया जाना चाहिए उन्होंने भाजपाई जिला पंचायत सदस्यों के उपेक्षा करने की बात कहते हुए नाराजगी व्यक्त की। इस पर सीईओ अश्विनी देवांगन ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि प्रोटोकाल के हिसाब से ही स्वागत के लिए सूची बनी हुई है। उक्त सूची में पहले से आ चुके लोगों के नाम के आगे टिक लगाए गए थे इसलिए ऐसा हो गया होगा इसके पश्चात नाराजगी व्यक्त कर रहे सदस्य शांत हुए।