दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 मई। भिलाई-चरौदा निगम सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुष्मान भारत योजना के ऑनलाईन पंजीयन करने ट्रेनिंग दी गयी। 45 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस दौरान उपस्थित रही। निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार इस कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को निगम सभागार में किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन की ओर से आयोजित समय-सीमा की प्रत्येक बैठक में दुर्ग कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा द्वारा प्रत्येक व्यक्ति का आयुष्मान पंजीयन सुनिश्चित करने निर्देशित किया जा रहा है। भिलाई- चरौदा निगम द्वारा सभी कम्प्यूटर ऑपरेटरों को इस कार्य हेतु पूर्व से संलग्न किया गया है, साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी मोबाईल ऐप पीएमजेएवाय से संजीयन करने प्रशिक्षण दिया गया है।
सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अश्वनी चन्द्राकर एवं कम्प्यूटर प्रोग्रामर पंकज तिवारी ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर कार्य की पूर्णता हेतु इसके उपयोग की जानकारी दी। प्रत्येक नागरिक को आयुष्मान भारत योजना के सुरक्षा दायरे में लाना निगम की प्राथमिकता है।