दुर्ग

एक घंटे विद्युत प्रवाह रहेगा बंद, समान रूप से घरों में मिलेगा पानी
17-May-2023 3:38 PM
एक घंटे विद्युत प्रवाह रहेगा बंद,  समान रूप से घरों में मिलेगा पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 17 मई। नगर पालिक निगम भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों में जलप्रदाय के वक्त ही टूल्लूपंप से कई लोगों के द्वारा पानी खींच लिया जाता है। जिसके कारण अंतिम छोर तक पानी पहुंचने में दिक्कत होती है। जल प्रदाय के समय विद्युत अवरोध होने पर टूल्लू पंप की भूमिका समाप्त हो जायेगी और अंतिम छोर तक पानी पहुंचने लगेगा।

ज्ञात हो कि कई दिनों से टूल्लू पंप का उपयोग कर पानी खींचने वालों को समझाइश देकर अपील की जा रही थी। इन प्रयासों के बाद निगम क्षेत्र के सभी घरों में पानी पहुंचाने के लिए अंतिम विकल्प के रूप में विद्युत अवरोध करने कलेक्टर को अवगत कराते हुए, विद्युत विभाग को पत्र जारी करने अनुरोध किया गया। विद्युत विभाग ने भिलाई निगम क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह 1 घंटे विद्युत अवरुद्ध करने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। भिलाई निगम क्षेत्र में सुबह 6.30 से 7.30 बजे तक विद्युत प्रवाह बंद रहेगा।

उल्लेखनीय है कि जल प्रदाय करने के समय ही अधिकतर लोगों के द्वारा टूल्लू पंप लगाकर पानी खींच लिया जाता है, वितरण पाइप लाइन से पानी खींचने के कारण पाइप लाइन के पहले वाले क्षेत्रों में पानी प्रेशर के साथ टुल्लू पंप के कारण मिल जाता है, पाइप लाइन से पानी जैसे ही अंतिम छोर की ओर बढ़ती है, वैसे ही पानी का प्रेशर ऐसे पंपों के कारण कम होता जाता है और अंतिम घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। जिसको देखते हुए 17 मई बुधवार से भिलाई निगम क्षेत्र में प्रात: 6.30 बजे से 7.30 बजे तक विद्युत प्रवाह बंद किया जाएगा, ताकि सभी इलाको में सामान रूप से जल प्रदाय हो सके और अंतिम छोर के घरों तक पर्याप्त पानी मिल सके।


अन्य पोस्ट