दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 मई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के संबंध में दुर्ग संभागायुक्त महादेव कांवरे की अध्यक्षता में और कलेक्टर गोपाल वर्मा की उपस्थिति में राजस्व व निर्वाचन अधिकारियों की रविवार को समीक्षा बैठक ली। विधानसभा चुनाव से संबंधित वेयरहाउस, वीवीपेट कक्ष, स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष आदि का अवलोकन कर तैयारी का जायजा लिया। जिला में चुनाव से संबंधित सभी अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कर्मचारियों की संख्या में कमी की बात कही। उप-पुलिस अधिक्षक नेहा पाण्डे ने भी थाने में पुलिस बल के कमी होने की जानकारी दी।
निर्वाचन हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों की उपलब्धता तथा मशीन और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करें- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला में प्रथम निर्वाचन की तैयारी के संबंध में बैठक लेते हुए संभागायुक्त महादेव कांवरे ने निर्देशित किया। निर्वाचन हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों की उपलब्धता तथा मशीन और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने चुनाव संबंधी 94 बिन्दु के चेक-लिस्ट पर तैयारी का जायजा लेते हुए समीक्षा बैठक ली। प्रशिक्षण, डाटा एन्ट्री, मास्टर ट्रेनर्स का चयन और प्राप्त होने वाले आवेदनों के निराकरण हेतु एक डिप्टी कलेक्टर को नोडल बनाने के निर्देश दिए। मतदान को सुचारू रूप से पूर्ण कराने हेतु 125 प्रतिशत कर्मचारियों का चयन करने कहा। इसमें से रिजर्व-दल के सदस्य भी होगें। ई.वी.एम. जिला राजनांदगांव से विधानसभा खैरागढ़ एवं विधानसभा डोंगरगढ़ हेतु दिया जाएगा। इसमें प्रथम स्तर की जांच में पुराने डेटा को डिलीट करने के कार्य एवं बटन और बैटरी की जांच कर लेंगे। कर्मचारियों को सुरक्षा की दृष्टि से आई-डी कार्ड जारी करने, ई.वी.एम. हेतु अलग नोडल नियुक्त करे, मशीन को दोहरी सुरक्षा में रखने, सीसीटीवी कैमरा की जांच, भवन में प्रकाश एवं हवा की व्यवस्था आदि को सुनिश्चित करने निर्देश दिए।
ऐसे अधिकारी जो तीन वर्ष से अधिक, एक ही स्थान पर कार्यरत हो उनकी सूची तैयार कर ले- संभागायुक्त ने बैठक में निष्पक्ष निर्वाचन हेतु निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी जो तीन वर्ष से अधिक एक ही स्थान पर कार्यरत हो उनकी सूची तैयार कर ले।