दुर्ग
दुर्ग, 14 मई। रायपुर के एक ट्रैवल्स की बस से 7 पैकेट में रखा करोड़ों रुपए कीमत का 21 किलो सोना रायपुर से मुंबई की ओर कोरियर के द्वारा भेजा जा रहा था। दुर्ग बस स्टैंड पर शनिवार की दोपहर लगभग 2 बजे जांच में जब कंडक्टर को इसकी जानकारी हुई तो उसने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस सोने से भरे 7 पैकेट को थाना लेकर आई। इसके बाद सोने का वजन एसपी दुर्ग ने अपने सामने ही करवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करवाई। रायपुर के रहने वाले मालिकों द्वारा वैधानिक दस्तावेज दिखाने के बाद सुपुदर्नामा में पैकेट वापस किए गए और कोतवाली थाना के रोजनामचे में दर्ज किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि रायपुर के ज्वेलर्स संचालक कोरियर सर्विस की मदद से ट्रैवल बस में रखकर मुंबई के लिए 7 पैकेट में 21 किलो सोना भेज रहे थे। सभी पैकेट मुंबई मे अलग-अलग जगह भेजे जाने वाले थे। बस में सोना भेजे जाने की जानकारी मिलते ही सभी बैकेटों को थाना लाया गया था।
मालिकों द्वारा दस्तावेज दिखाने के बाद 7 पैकेट को उनके सुपुर्द कर दिया गया है। रायपुर से मुंबई की ओर इतना सोना भेजने वाले ज्वेलर्स संचालक को समझाइश दी गई कि आगे इस तरह से कुरियर द्वारा बस से इतना अधिक मात्रा में सोना न भेजा करें। कभी भी चोरी, लूट या चाकूबाजी जैसी घटना हो सकती है।