दुर्ग

जिला सहकारी बैंक में फिक्स डिपाजिट करने वालों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ, ब्याज दर में हुई वृद्धि
12-May-2023 2:48 PM
जिला सहकारी बैंक में फिक्स डिपाजिट करने वालों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ, ब्याज दर में हुई वृद्धि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 12 मई। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के फिक्स डिपाजिट ब्याज दरों में वृद्धि कर दी गई है। संचालक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया है इसके अनुसार 10 मई से बड़ी ब्याज दर लागू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग की संचालक मण्डल की बैठक अध्यक्ष राजेन्द्र साहू की अध्यक्षता में हुई। इसमें अवधेश मिश्रा उप पंजीयक सहकारी संस्थाएँ दुर्ग, नाबार्ड के अधिकारी, उप संचालक कृषि एवं सीईओ अपेक्षा व्यास मुख्य उपस्थित थे। बैंकों की ब्याज दरों में परिर्वतन के फलस्वरूप, बैंक द्वारा अपने अमानतदारों को उनकी जमा अमानतों पर देय ब्याज दरों की समीक्षा हेतु विषय को बैंक की संचालक मण्डल की बैठक में रखा गया।

विभिन्न बैंकों में प्रचलित ब्याज दरों की समीक्षा उपरांत बैंक में नई ब्याज दर 10 मई से प्रभावशील किए जाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी बताया गया कि अंशक्रय के संबंध में प्राथमिक सहकारी छग सोसायटी अधिनियम 1960 के उपविधि 15 के बिन्दु 3 के अनुसार सोसायटी से ऋण लेने वाले लघु सीमांत कृषकों से ऋण के अनुपात में 5 प्रतिशत अंश राशि एवं लघु सीमांत कृषक सदस्यों से बड़ी जोत का कृषक सदस्य होने की दशा में 10 प्रतिशत ऋण के अनुपात में अंशक्रय किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट