दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मई। पुरानी बातों को पकड़ कर रखने से खुशी गायब हो जाती है। बातों, घटनाओं, सीन को मन बुद्धि में पकडक़र रखने से अल्सर, एसीडिटी, ब्लडप्रेशर, इत्यादि बीमारियां आयेंगी, तनाव बढ़ेगा। इससे बचने के लिए यह संकल्प दृढ़ करें छोड़ो-छोड़ो, कोई बात नहीं, आगे बढ़ो। खुद को समझाईये। जीवन का लक्ष्य प्रेम, खुशी, आनंद में है। पकडक़र रखेंगे तो ईश्वर जो अवसर दे रहा है उसका आनंद नहीं ले पायेंगे। पकडक़र रखना माना उसे बार बार याद करना।
उक्त बातें इंदौर से पधारी प्रख्यात तनावमुक्ति विशेषज्ञा ब्रह्माकुमारी पूनम बहनजी ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, राजऋषि भवन, केलाबाड़ी, दुर्ग के तत्वावधान में पुरानी गंज मंडी, गंजपारा में आयोजित अलविदा तनाव नि:शुल्क शिविर के दूसरे दिन के सत्र में कही।
उन्होंने कहा कि खुश रहने के लिए मूल बात यह याद रहे कि सुख-दु:ख, मान-अपमान, स्वस्थ व व्याधिग्रस्त शरीर, इसी में खुश रहने का रास्ता निकालना है। अपनी खुशी का रिमोट दूसरों को न दें। खुशी दुनिया की सबसे बड़ी दौलत है। यह ऐसी दौलत है जिसे आप पैसों से खरीद नहीं सकते। खुशी को डॉक्टर दवाई भी कहते हैं, क्योंकि मन की खुशी दवा का काम करती है। मन खुश रहने से शरीर में इनडार्फिन हार्मोन निकलता है जिससे नींद अच्छी आती है, मन शांत रहता है, उमंग-उत्साह बना रहता है।
ब्रह्माकुमारी पूनम बहनजी ने ‘खुशियों के उत्सव’ के रूप में मनाते हुए सदा खुश रहने के लिए स्प्रीचुअल इंजेक्शन (मंत्र) दिया कि हमें सदा याद रहे - मैं खुशियों के सागर परमात्मा की संतान हूं। खुशियों के खजाने का मालिक हूं। जब तक जीना है खुश रहना ही है। इसका स्पष्टीकरण करते हुए उन्होंने कहा कि नाम, पद, पैसा, रिश्तों इत्यादि से क्षणिक खुशी मिलती है। सच्ची, अविनाशी, आतंरिक खुशी तो सिर्फ अनिनाशी परमात्मा से जुडऩे से ही मिलती है। परमात्मा खुशियों का सागर है, दाता है। बच्चा पिता की सम्पत्ति का वारिस होता है। परमात्मा के बच्चे होने के नाते हम भी खुशियों के खजाने के मालिक हैं।
उन्होंने अपने 25 वर्ष के आध्यात्मिक जीवन के अनुभव से बताया कि यदि इस मंत्र को 108 बार अनुभव के साथ 21 दिन लिख लें तो बड़े-बड़े डिप्रेशन के केस ठीक हो जाते हैं। खुद को खुद ही समझाना है कि परिस्थितों, समस्याओं से अधिक शक्तिशाली मैं हूं क्योंकि मैं सर्वशक्तिमान परमात्मा की संतान हूं। समय परिवर्तनशील है। बातें आई हैं तो जायेंगी भी। उन्होंने सर्व को पक्का प्रॉमिस भी कराया कि सदा खुश रहेंगे और खुशी बाँटेंगे। क्योंकि खुशी बाँटने से बढ़ती है।
उन्होंने कार्यक्रम के प्रारंभ में मनोबल बढ़ाने वाले एक गीत - तुझको चलना होगा......पर सर्व को डांस करवाया, तालियाँ बजवाई। फिर योग कामेंट्री व वीडियो दृश्य के माध्यम से परमात्मा पिता के खुशियों के झरने को स्वयं में प्रवाहित करने व फिर स्वयं से चारों ओर फैलाने का विजन देकर सर्व को बहुत सुंदर व गहन अनुभूति भी कराई।
अंत में छोटे-छोटे बच्चों का गुब्बारे हाथ में लेकर खुशियों का डांस करवाया गया जिसमें सभी उपस्थितजनों ने भी साथ दिया। जीना है तो हंस के जीओ....., पंछी बनूँ उड़ती फिरूं..., आज से पहले आज से ज्यादा... आदि गीतों पर डांस करते हुए चारों ओर खुशियों की लहर फैल गई। सबसे आखिर में सोचना क्या, जो भी होगा देखा जायेगा... गीत पर सदा खुश रहने व खुशी बांटने की दृढ़ता पक्की की गई। कल स्वयं की पहचान बताई जाएगी। कार्यक्रम का लाभ हजारों की संख्या में दुर्गवासी ले रहे हैं। यह शिविर 15 मई तक प्रतिदिन संध्या 7 से 8.30 बजे तक पुरानी गंज मंडी में ही नि:शुल्क चलेगा।