दुर्ग
इलाज के लिए रुपए न दे पाए तो वेंटिलेटर से हटा हाथ में दे दिया-परिजन
परिजनों का आरोप गलत-डीन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 मई। आज भिलाई के श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में एक नवजात बच्चे ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया जबकि बच्चे की मां की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी।
आरोप है कि डॉक्टरों ने नवजात को वेंटिलेटर में रखा था, जब परिजन इलाज के लिए 10 हजार रुपए नहीं दे पाए तो नवजात को वेंटिलेटर से हटा परिजनों के हाथ में दे दिया और डेढ़ घंटे बाद बच्चे की मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. प्रकाश टी वाकोडे ने परिजनों के आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि हमेशा डॉक्टरों की गलती निकाली जाती है। परिजन खुद नवजात को डिस्चार्ज कराकर चले गए थे, इसलिए मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बेमेतरा जिले के पथरी गांव निवासी बैसाखिन बाई पति शंकर निषाद की डिलीवरी के दौरान तबीयत काफी बिगड़ गई।
उसे शंकराचार्य मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया और अस्पताल में कल शाम 7 बजे डिलीवरी के दौरान बैसाखिन बाई की मौत हो गई। डॉक्टरों ने नवजात का चेकअप किया तो उसकी भी हालत नाजुक थी, वो सांस नहीं ले पा रहा था। इसके बाद बच्चे को तुरंत एसएनसीयू भेजा गया और वेंटिलेटर पर रखा गया।
आरोप है कि डॉक्टरों ने इलाज के लिए परिजनों से आयुष्मान कार्ड मांगा। परिजनों ने आयुष्मान कार्ड न होने की बात कही। इस पर डॉक्टरों ने उन्हें 8-10 हजार रुपए जमा कराने को कहा। अगले दिन रविवार को परिजनों ने रुपए न होने की बात कही। जिसके बाद डॉक्टरों ने इलाज करने से हाथ खड़े कर दिए और बच्चे को वेंटिलेटर से हटा परिजनों को दे दिया।
बैसाखिन बाई के भाई राजेश निषाद ने बताया कि वो लोग काफी गरीब हैं। उन्होंने रुपए का इंतजाम करने की बात कही थी, लेकिन डॉक्टरों ने एक न सुनी। उन्होंने बच्चे को उनकी गोद में लाकर डाल दिया। राजेश की माने तो जब बच्चा उन्हें दिया गया तो वो जिंदा था। उसके डेढ़ घंटे बाद सांस न ले पाने के चलते उसने दम तोड़ दिया।
इस पूरे मामले की जानकारी सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी को दी गई।
एएसआई ने अस्पताल पहुंच मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों का बयान लिया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेजा गया है।