दुर्ग
सुपेला एवं पद्मनाभपुर क्षेत्र के सूने मकानों में चोरी के 5 मामलों का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 मई। सुपेला एवं पद्मनाभपुर क्षेत्र के सूने मकानों में चोरी के 5 मामलों का खुलासा पुलिस ने किया है। साइकिल से घूम-घूम कर रेकी कर सूने मकानों में चोरी करने वाले एमपी और बिहार के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दुर्ग जिले मेें लगातार घटित हो रही नकबजनी की घटनाओं पर एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर टीम द्वारा संदेहियों पर निगाह रखी जा रही थी। आदतन अपराधियों व जेल से रिहा हुये अपराधियों से पूछताछ कर पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे। विशेष सूत्र भी लगाये गये थे एवं आसपास के मार्गो में लगे सीसीटीवी कैमरा का अवलोकन करने पर कुछ संदेहियों के फुटेज प्राप्त हुए थे। फुटेज के आधार पर सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न व्हाट्सप ग्रुप में पतासाजी के लिए फुटेज वायरल किया गया।
हाल ही में आदर्श नगर दुर्ग में घटित नकबजनी की घटना में सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर लगातार पीछा करने पर 2 संदेही पावर हाऊस भिलाई की तरफ जाते हुये दिखाई दिए जो कि लिंक रोड स्थित एक सायकल दुकान में सायकल मरम्मत कराने हेतु छोडक़र पैदल घनी बस्ती में जाते हुये दिखे, जिसके आधार पर टीम द्वारा पुन: सायकल लेने के लिये आने की आशंका पर सायकल दुकान के आसपाास दिन भर अपनी पहचान छिपाते हुये घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान उक्त दोनों संदेही सायकल लेने के लिये सायकल दुकान पर जैसे ही आए, उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
प्रारंभिक पूछताछ पर आरोपी गुमराह करते रहे किंतु सतत् एवं तथ्यात्मक पूछताछ करने पर अपना नाम सैयद अहमद निवासी भोपाल एवं मोहम्मद हुसैन अररिया बिहार का होना बताया। ये दोनों मार्च 2023 में दुर्ग-भिलाई आए और इसी दौरान नेहरू नगर के एक मकान में चोरी के लिए घुसना स्वीकार किया। जहां पर कुछ न मिलने पर डीव्हीआर उखाडक़र साथ ले गए और उसे कोसानाला में फेंक दिया।
एक अन्य सूने मकान में ताला तोडक़र अंदर घुसे और यहां से नगदी रकम करीब एक लाख 25 हजार रूपये व चांदी के सिक्के वगैरह चोरी कर वापस घर चले गए। वर्तमान में 29 अप्रैल 2023 को पुन: दुर्ग-भिलाई आकर 1 मई 2023 को पद्मनाभपुर क्षेत्र के आदर्श नगर में एक सूने मकान का खिडक़ी का ग्रील तोडक़र घर के अंदर प्रवेश कर 12000 रूपये नगद एवं बैग चोरी किया।
दो मई को नेहरू नगर में मार्केट के पास एक सूने मकान की खिडक़ी का ग्रील उखाड़ कर चोरी करने के लिये घूसे और कोई कीमती समान न मिलने पर सीसीटीव्ही का डीव्हीआर को ले गए और कोसानाला में फेंक दिया। नेहरू नगर के विद्या विहार कॉलोनी में दरवाजा के कुंडी को तोडक़र अंदर घुसकर आलमारी में रखे नगदी 12000 रूपये एवं सोने-चांदी के गहनों के 1-2 टुकड़े को चोरी करना कबूल किया।
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाजरब, घटना मे प्रयुक्त सायकल, नगदी रकम तकरीबन 12000 रूपये, चांदी के सिक्के व सोने का कुछ सामान बरामद किया गया है।
आरोपी सैयद अहमद (54 वर्ष) भोपाल मप्र तथा मोह.हुसैन (31 वर्ष) बिहार के खिलाफ सभी मामलों में धारा 457, 380 के तहत अग्रिम कार्रवाई की गई है।