दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 मई। घर में ताला लगा कर शादी समारोह में जाना प्रार्थिया को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने शाम 4 बजे से रात 10 बजे के बीच घर का ताला तोडक़र सोने चांदी के जेवरात व नकदी रकम की चोरी कर ली।
पीडि़ता की शिकायत पर पदमनाभपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380ए 457 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक एमआईजी 363 प्रगति मैदान के पास न्यू बोरसी कॉलोनी निवासी गायत्री साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि 27 अप्रैल की शाम 4 बजे वह अपने पति एवं बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर एक शादी समारोह में शामिल होने भिलाई गई हुई थी। रात को लगभग 10 बजे जब वापस आई तो देखा गेट तथा मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।
अंदर जाकर देखा तो आरोपी ने अलमारी में रखे चांदी के 8 जोड़ी पायल, कड़ा, लॉकेट, छल्ला, ब्रेसलेट, अंगूठी, सोने की 1 जोड़ी बाली, 4 कान का सोने का तार, नाक की नथनी तीन, फुल्ली, 8 सोने का मटर दाना सहित नगदी 1500 रुपए की चोरी कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।