दुर्ग

जिपं दुर्ग में फिर बना कांग्रेस का अध्यक्ष
05-May-2023 3:52 PM
जिपं दुर्ग में फिर बना कांग्रेस का अध्यक्ष

 पुष्पा यादव के नाम पर सदस्यों ने लगाई मुहर 

 पूर्व अध्यक्ष शालिनी यादव के निधन के बाद बनी थी उपचुनाव की 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 5 मई। जिला पंचायत दुर्ग की पुष्पा भुनेश्वर यादव नई अध्यक्ष बनी है। गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उप चुनाव में उन्होंने हर्षा लोकमणी चंद्राकर को पराजित किया। चुनाव में कुल 11 जिला पंचायत सदस्यों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जिसमें पुष्पा भुनेश्वर यादव को 7 मत मिले, जबकि हर्षा लोकमणी चंद्राकर को 4 वोट से ही संतोष करना पड़ा।

इस तरह पुष्पा भूनेश्वर यादव ने 3 वोटों के अंतर से उपचुनाव में जीत दर्ज कर जिला पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष शालिनी यादव के निधन उपरांत अध्यक्ष पद रिक्त  था। जिसकी वजह से उपचुनाव की स्थिति बनी थी। उपचुनाव में पुष्पा भुनेश्वर यादव जिला पंचायत दुर्ग की नई अध्यक्ष बनी है। पीठासीन अधिकारी अपर कलेक्टर पद्मनी भोई ने पुष्पा यादव को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।

पुष्पा भुनेश्वर यादव के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है। उन्हें बधाईयों का तांता लगा हुआ है। इसके पहले जिला पंचायत दुर्ग अध्यक्ष पद के उपचुनाव की प्रक्रिया गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय में शुरु हुई थी। कांग्रेस से पुष्पा यादव ने अपना नामांकन भरा था, वहीं भाजपा की ओर से हर्षा लोकमणी चंद्राकर ने नामांकन दाखिल किया। चुनाव में क्रॉस वोटिंग होने की संभावना बहुत ज्यादा थीएजिसको लेकर दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ नेता जिला अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता जिला पंचायत में डटे  रहे। कांग्रेस की ओर से चुनाव की पूरी कमान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरीश देवांगन एवं राजेंद्र साहू ने संभाल रखी थी। क्रॉस वोटिंग के डर से कांग्रेस ने पुष्पा यादव पर दांव खेला था, जिसका लाभ कांग्रेस को मिला। कांग्रेस को 7 और भाजपा को 4 वोट मिले। जिससे जिला पंचायत अध्यक्ष का पद पुनरू कांग्रेस की झोली में वापस आ गया।

पुष्पा यादव ने जीत के बाद चर्चा में कहा कि बड़ी दीदी शालिनी यादव का जो भी विकास के सपने रहे होंगे, उसे मैं प्राथमिकता के साथ पूरा करूंगी। उन्होंने अपने निर्वाचन के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त किया है। चुनाव के दौरान दुर्ग कांग्रेस संगठन प्रभारी गिरीश देवांगन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजेन्द्र साहू, जितेन्द्र साहू, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, चरोदा महापौर निर्मल कोसरे, श्रम मंडल उपाध्यक्ष केशव बंटी हरमुख, नंदकुमार सेन, राजेश यादव, जनपद अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, अल्ताफ अहमद, कृष्णा देवांगन सहित बड़ी सं या में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता जिला पंचायत में सक्रिय रहे। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा यादव को शुभकामनाएं देने जिला पंचायत भवन पहुंचे थे। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष को बधाई दी और उनसे बेहतर कार्य करने की आशा व्यक्त की।


अन्य पोस्ट