दुर्ग
दुर्ग, 28 अप्रैल। निगम सीमा क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर वार्ड 2 में दो सांडों के आपसी लड़ाई के चलते अपने घर के दरवाजे पर बैठी वृद्ध महिला रुखमीन बाई साहू की चपेट में आने के कारण मौत हो गई।
इस दौरान आस पास की खड़ी महिला व सब्जी बेचने वाले व्यक्ति भागकर जान बचाया। संपूर्ण घटनाक्रम की फुटेज सामने घर में लगे सीसी टीवी कैमरे में भी दर्ज हुई है। इस घटना से मुहल्ले में शोक व निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त घटना की जानकारी मिलने पर निगम के पूर्व सभापति दिनेश देवांगन व वार्ड पार्षद चमेली साहू ने घटना स्थल पहुंचकर मोहल्लेवासियों से मुलाकात कर निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर को जानकारी देकर आतंक मचाने वाले सांडों के घर पकड़ कर गोठान भेजने की मांग को गई।
घटना बुधवार शाम 6 बजे की है, जहां शिव नगर डोंगिया बांधा तालाब पार निवासी रूखमीन बाई साहू उम्र 80 वर्ष जो की अपने घर के दरवाजे के किनारे चबूतरे में बैठी थी। इसी दौरान थोड़ी दूर सडक़ पर दो सांडों की आपस में जोरदार लड़ाई हो गई जो लड़ते-लड़ते चबूतरा में बैठी महिला के घर तक पहुंच गया, किंतु इससे पहले की उक्त महिला उठकर घर के अंदर जाती सांडों ने पूरी ताकत से लड़ते हुए पीछे से अपनी चपेट में ले लिया, जिसके चलते मृतक वृद्धा वहीं दरवाजे पर दीवाल से टकराते हुए गिर गई।
इस दौरान आस पास खड़ी महिला व ठेले में सब्जी बेच रहे व्यक्ति सांडों की चपेट में आने से बचे किंतु रुखमीन बाई को गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर जिला चिकित्सालय भिजवाया किंतु तब तक रूखमीन बाई की मौत हो चुकी थी, जिसका अंतिम संस्कार उनके पैतृक ग्राम कुटेली कला घुमका में किया गया।