दुर्ग

भिलाई में दिन-रात बस गूंज रहा है बोल बम का नारा...
28-Apr-2023 3:41 PM
भिलाई में दिन-रात बस गूंज रहा है बोल बम का नारा...

शिव महापुराण की कथा सुनने दीगर राज्यों से आए हजारों

ऐसा चढ़ा भक्ति का रंग, न दिखेंगी दिन भर कड़े इंतजार की सिलवटें और न ही गर्मी की तपिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 28 अप्रैल। रात 11 से सुबह तक  इस्पात नगरी में ऐसी चहल पहल और भक्ति की निर्मल धारा आपको बहती दिखाई देगी कि आप भी कह उठेंगे ‘मान गए’।

जी हां, ये नजारा है भक्तिभाव से सराबोर इस्पात नगरी भिलाई के जयंती स्टेडियम मैदान में विगत तीन दिनों से जारी पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा कही जा रही शिव महापुराण कथा स्थल का।  वैसे कथा का समय तो प्रतिदिन यहां 2 से 5 बजे तक का ही है? लेकिन छत्तीसगढ़ के दूरदराज जिलों के आलावा अन्य दीगर राज्यों से कथा सुनने पहुंचे करीब 10 हजार से अधिक लोग 25 अप्रैल से लगातार 1 मई तक सभास्थल पर ही रूके हुए हैं। शाम को कथा की आरती होने के बाद रात भर यह इलाका शिव भक्ति में सराबोर और विशेष आनंद से लबरेज दिखाई देता है।

सुबह से पं. प्रदीप मिश्रा के इंतजार में रूके श्रद्धालुओं में अपार शक्ति भी यहां आपको सहज ही दिखाई देगी। सुबह से लंबा इंतजार और गर्मी में दोपहर भर बिना इधर उधर गए लगातार घंटों बैठकर कथा श्रवण करने के बाद अमूमन जो थकान की सिलवटें इन भक्तों के चेहरे पर परिलक्षित होनी चाहिए वो मानों अंश मात्र भी कहीं बची ही नहीं। कथा की आरती बाद शाम से देर रात तक यहां होने वाले भजन कीर्तन से आपको आस्था की ऐसी बयार महसूस होगी कि मानो इसमें रमे हुए लोग अभी नींद पूरी कर पूरे उत्साह के साथ पंडाल के हर भक्तिमय आयोजन में शिरकत करने बैठे हों।

 कहीं ग्रुप बना भक्ति के पाठ चल रहे होते हैं तो अनेक टोलियां देर रात तक भजन कीर्तन का रस घोलती दिखाई दे जाएंगी जिसमें यहां जमे श्रद्धालु भरपूर आनंद और उत्साह के साथ गोते लगाते मिलेंगे। इसी बीच एक किनारे भंडारा भोजन और नाश्ते का प्रबंध भी आपको देखने को मिल ही जाएगा।

रात 11 बजे ऐसे ही माहौल में गाडिय़ों पर उपमा, बिस्किट, चाय, खिचड़ी, दूध सहित श्रद्धालुओं के लिए भोग प्रसाद भी लगातार आता दिखाई पड़ा जो कि भिलाई की ही समाजसेवी संस्थाएं और कई परिवार के लोग स्वस्फूर्त सेवा भावना के चलते ला रहे हैं।

विश्वकर्मा परिवार से पहुंचे सन्नी विश्वकर्मा ने बताया कि वो वाहन में उपमा लेकर पहुंचे हैं और गरमागरम उपमा यहां ठहरे श्रद्धालुओं के लिए वो लेकर आए हैं।

ज्ञात हो कि भिलाई के जयंती स्टेडियम मैदान में शिव महापुराण की कथा में दूरदराज और अन्य राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं के नाश्ते व भोजन का बीड़ा अनेक धार्मिक, सामाजिक और समाजसेवी संस्थाओं ने स्वस्फूर्त उठाया है।  रात को भजन कीर्तन कर बाबा भोलेनाथ के भक्ति रस से सराबोर श्रद्धालुओं के लिए आज रात लगभग 11 बजे विश्वकर्मा परिवार ने 50 किलो सूजी का उपमा बना कर कथा पंडाल में श्री शिवाय नमस्तुभ्यं और बोल बम के जयकारे के साथ वितरित किया।


अन्य पोस्ट