दुर्ग
दुर्ग, 28 अप्रैल। हेमचंद यादव विवि दुर्ग में दीक्षांत समारोह के आयोजन के पश्चात् आज विवि के अधिकारियों ने दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद के महाविद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि निरीक्षण दल ने भिलाई में शासकीय खूबचंद बघेल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई 03, शासकीय मोहन लाल जैन महाविद्यालय, खुर्सीपार भिलाई तथा शासकीय इंदिरा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई आदि का आज निरीक्षण किया।
अधिकांश महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर कक्षाओं की परीक्षा सुचारू रूप से संचालित मिली। शासकीय महाविद्यालय, भिलाई 03 में प्राचार्य, डॉ. रीना मजूमदार, केन्द्र अधीक्षक, डॉ. शीला विजय, सहायक केन्द्र अधीक्षक, डॉ. अल्पना दुबे एवं डॉ. दिप्ती बघेल परीक्षा कक्षों का सघन निरीक्षण कर रही थीं। इस महाविद्यालय में आज नकल का एक भी प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।
शासकीय महाविद्यालय, खुर्सीपार में चार परीक्षा कक्षों में संचालित स्नातकोत्तर परीक्षा के दौरान प्राचार्य, डॉ. ओ. पी. अग्रवाल तथा सहायक केन्द्राध्यक्ष, डॉ. विनोद साहू एवं डॉ. अनीता मेश्राम ने प्रवेश द्वार पर चेकिंग करते हुए सभी परीक्षार्थियों के मोबाईल एवं अन्य सामाग्री पृथक कर ली।
शासकीय महाविद्यालय, वैशाली नगर में प्राचार्य, डॉ. अल्का मेश्राम की उपस्थिति में कक्ष वीक्षक, डॉ. सोनी तथा डॉ. नमीता गुहाराय, आदि तत्परता से परीक्षा संचालित करते हुए मिले।
अन्य निरीक्षण दल द्वारा पिछले तीन दिनों में किये गये राजनांदगांव एवं बालोद के महाविद्यालयों का निरीक्षण के दौरान राजनांदगांव जिले में 5 तथा बालोद जिले में नकल के 7 प्रकरण दर्ज किये गये। उल्लेखनीय है कि विवि की अधिकांष परीक्षाएं समाप्ति की ओर है तथा मई के दूसरे सप्ताह में सम्पूर्ण परीक्षाएं समाप्त हो रही हैं।