दुर्ग
हिषा बघेल का महाविद्यालय में सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 26 अप्रैल। शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय उतई की एन.सी.सी. की पूर्व कैडेट हिषा बघेल का चयन अग्निवीर, नौसेना इकाई के लिए हुआ है। हिषा अग्निवीर में चयनित प्रदेश की प्रथम महिला कैडेट है। उसने सफलतापूर्वक निर्धारित प्रशिक्षण का कार्य पूर्ण कर लिया है। महाविद्यालय की एन.सी.सी. इकाई द्वारा हिषा बघेल के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश पाण्डे ने कहा कि अग्निवीर देशसेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। हमारे लिए यह गौरव की बात है कि हिषा को देशसेवा का यह अवसर प्राप्त हुआ है। इसके चयन से एन.सी.सी. की अन्य कैडेटों को प्रोत्साहन प्राप्त होगा। यह उनके लिए मार्गदर्शक की भूमिका का निर्वाह करेगी। हिषा से प्रेरणा लेकर अन्य छात्र-छात्राएँ भी देशसेवा की ओर प्रवृत्त होंगी।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जनभागीदारी के अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाशाली छात्रा का अग्निवीर के लिए चयन किया जाना निश्चित रूप से महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। इसके चयन के पीछे एन.सी.सी. के प्रशिक्षकों से प्राप्त मार्गदर्शन एवं महाविद्यालय के स्वस्थ्य शैक्षणिक वातावरण की भूमिका रही है।
इस अवसर पर हिषा बघेल ने एन.सी.सी. की कैडेटों एवं अन्य छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि मेरे चयन के पीछे महाविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश और एन.सी.सी. की ट्रेनिंग की महती भूमिका रही है। इसके लिए मैं महाविद्यालय परिवार और एन.सी.सी. अधिकारी के प्रति आभारी हूँ। कार्यक्रम का संचालन ले. अनुसूईया जोगी ने किया। आभार ज्ञापन एन.एस.एस. प्रभारी प्रो. रितेश नायक ने किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. ए.ए.खान, डॉ. मधुलिका रॉय, डॉ. पी. वसंतकला, ए.एच. कुरैशी एवं लोकेश्वर ठाकुर तथा बड़ी संख्या में एन.सी.सी. के कैडेट एवं अन्य छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।