दुर्ग
हालत गंभीर, कैपिटल रिपेयरिंग के दौरान हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 अप्रैल। मंगलवार दोपहर भिलाई इस्पात संयंत्र के भीतर एसएमएस-2 के क्लस्टर में पैनल कार्य के दौरान लगी आग से चार मजदूर झुलस गए। सभी को गंभीर स्थिति में सेक्टर 9 चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। चारों की स्थिति गंभीर बताई गई है। झुलसे चारों ठेका मजदूर मारुति कंस्ट्रक्शन कंपनी के हैं।
बीएसपी प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर को करीब 3.15 बजे कैपिटल रिपेयरिंग के कार्य के दौरान पैनल वेल्डिंग की जा रही थी, इस दौरान निकली चिंगारी ने विस्फोट के साथ भीषण आग का रूप ले लिया। जिसके कारण स्थल पर कार्य कर रहे चार लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। जिन्हें सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब हो कि बीएसपी में सोमवार दोपहर को भी बिलेट मिल में फ्लाइंग शियर में डिस्मेंटल करने के दौरान चिंगारी से वहां फैले तेल और ग्रीस में आग लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र के दमकल विभाग द्वारा लगी आग पर काबू पाया गया। जिस समय आग लगी थी, उस समय वहां काम करने वाले लोग खाना खाने गए थे जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। लगातार दो दिनों में दो अलग-अलग विभाग में आगजनी की घटनाएं हुई है।
आज झुलसे ठेका श्रमिकों में अमित सिंह, राजू तांडी, रमेश मौर्या और रमेश पवार को गंभीर हालत में सेक्टर-9 हास्पिटल की बर्न यूनिट में उपचारार्थ भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों ने चारों की हालत गंभीर बताई है।