दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 अप्रैल। मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग बच्ची के साथ बुरी नियत से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी शंकर सेन को धारा 506 बी के तहत 1 वर्ष सश्रम कारावासए 100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 माह की अतिरिक्त सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 10 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास, 500 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने बताया कि 12 वर्षीय बच्ची मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह घर के पास स्थित किराना दुकान से दूध व अन्य सामान लेने जाती थी। इस दौरान थाना सुपेला अंतर्गत कांट्रेक्टर कॉलोनी निवासी आरोपी शंकर सेन (35) बच्ची के साथ बुरी नियत से छेड़छाड़ करता था और उसे भद्दे इशारे करता था। शिकायत से पूर्व भी उसने कई बार बच्ची के साथ बुरी नियत से छेड़छाड़ की थी। बच्ची कमजोर दिमाग की होने के कारण आरोपी उसका फायदा उठाता था। बच्ची घर में कुछ बता नहीं पाती थी। 11 सितंबर 2022 की रात को भी दुकान जा रही इस बच्ची के साथ आरोपी ने छेड़छाड़ की थी। बच्ची ने घर में आकर किसी तरह अपनी मां को यह बात बताई। परिवार वालों ने सुपेला थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कराया था।