दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अप्रैल। कांग्रेस संगठन अब मिशन 2023-24 के को ध्यान में रखते हुए चुनावी मोड में आ गया है। इसी के मद्देनजर राजीव भवन दुर्ग में छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम एवं छग प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी विजय जांगीड़ ने बैठक लेकर दुर्ग संभाग स्तरीय बूथ प्रबंधन कमेटी गठन को लेकर समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने जिला एवं ब्लाक स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सतत मासिक बैठक लेने निर्देशित किया। साथ ही इसमें क्षेत्र के जन प्रतिनिधि को भी उपस्थित रहने के निर्देश दिए समीक्षा बैठक के दौरान संगठन के कुछ जिला व ब्लाक पदाधिकारियों ने क्षेत्र के विधायक का कार्यकर्ताओं को सहयोग नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए नाराजगी जाहिर की।
श्री मरकाम ने पूरे संभाग में बूथ, मंडल एवं जोन कमेटी गठन के बारे में जानकारी ली, जहां कुछ कमी पाई गई, उन्हें काम में तेजी लाकर कमी को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में दुर्ग संभाग के 8 जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्षए नगर एवं ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित थे। इनमें कुछ ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर नाराजगी जताते कहा कि उनसे कार्य करवाए जाते हैं और वह कार्य भी करते हैं। इसके बावजूद संगठन को विधायक का जो सहयोग होना चाहिए वह नहीं होता है।
इस पर श्री मरकाम ने कहा कि विधायक अपने क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं को सहयोग करें कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम कर विधायक बनाते हैं, उनकी मांगों पर ध्यान देना चाहिए। इस दौरान दुर्ग के संगठन प्रभारी खनिज निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, विधायक अरुण वोरा, इन्द्रेश मण्डावी, गुरुदयाल बंजारे, ममता चन्द्राकर, छग राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजेन्द्र साहू, जितेन्द्र साहू विशेष रुप से मौजूद थे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मरकाम ने प्रत्येक जिले के ब्लॉक अध्यक्षों से एक-एक करके जोन कमेटी, सेक्टर कमेटी, मण्डल कमेटी एवं बूथ कमेटी बनाये जाने की समीक्षा की एवं जिन ब्लाकों में बूथ कमेटी नहीं बनी है उन्हें 7 दिवस के अंदर उपरोक्त सभी कमेटियों को बनाकर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारी में लग जाए एवं पूरे तत्परता से छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के द्वारा किये जा रहे जन हितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें एवं योजनाओं का लाभ आम जनता को दिलाये साथ ही केन्द्र सरकार की नाकामियों मंहगाई, किसानों के साथ अन्याय एवं बेरोजगारी आदि को भी आमजनता को बताये कि भाजपा की कथनी एवं करनी में कितना फर्क है।
संचालन दुर्ग कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं महापौर निर्मल कोसरे एवं आभार जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष गया पटेल ने किया। बैठक में जिला अध्यक्ष मुकेश चन्द्राकर, अल्ताफ अहमद, चन्द्रप्रभा सुधाकर, अजय मिश्रा, राजकुमार साहू, राजकुमार पाली, नंदकुमार सेन सहित दुर्ग संभाग के लगभग सभी ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित थे।