दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अप्रैल। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा में विगत दिनों महापौर परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं रोजगार युक्त बनाने के उद्देश्य से बर्तन बैंक स्थापना योजना स्वीकृत की गई थी।
महापौर निर्मल कोसरे ने बुधवार को कार्यक्रम में समस्त उपस्थित जनो को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य भिलाई 03 चरोदा की महिला स्व सहायता समूह में कार्यरत महिलाओं को बर्तन बैंक स्थापित कर सशक्त करना है, जिससे उन्हें कई छोटे-बड़े कार्यक्रमों में बर्तन किराये पर देने से एक आय का साधन बनेगा।
आए दिन सामाजिक कार्यक्रम जैसे जसगीत, भंडारा, छ_ी इत्यादि में अपने वार्ड और मोहल्ले में ही इन बर्तन बैंक संचालिका महिला समूहों को काम मिलता रहेगा, जिससे बर्तन बैंक स्थापना का निर्णय और उद्देश्य सफल और लोगों को सहजता होगी। जिन महिला स्व सहायता समूहों को बर्तन बैंक स्थापना हेतु सामग्री प्रदान की गई है वे हैं गुरु वंदना स्व सहायता समूह, आदिवासी महिला स्व सहायता समूह, स्वच्छ स्व सहायता समूह, भक्ति महिला स्व सहायता समूह, महालक्ष्मी स्व सहायता समूह, मां दुर्गा महिला स्व सहायता समूह, आस्था महिला स्व सहायता समूह, साईबाबा महिला स्व सहायता समूह। उक्त समूह वार्ड क्रमांक 40 गनियारी, वार्ड क्रमांक 14, बिजली नगर, वार्ड क्रमांक 06 उमदा वार्ड क्रं.26 इंदिरा नगर, वार्ड 38 मोरिद, वार्ड 04 जरवाय, वार्ड 38 सोमनी तथा वार्ड 22 चरोदा भाटापारा में कार्यरत हैं।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित महापौर निर्मल कोसरे के साथ मोहन साहू, ईश्वर साहू, दीप्ती वर्मा, कुमारी भलावी, शारदा मदनकर, टेनेंद्र ठाकरे एवं स्वास्थ्य अधिकारी अश्वनी चंद्राकर उपस्थित थे।