दुर्ग

भिलाई सूर्या मॉल के स्पा सेंटर में छापा
18-Apr-2023 1:00 PM
भिलाई सूर्या मॉल के स्पा सेंटर में छापा

संचालक समेत 9 गिरफ्तार, असम-बंगाल से लाई गई थीं महिलाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 अप्रैल।
सूर्या मॉल स्थित एसेंस स्पा सेंटर में कल रात सीएसपी भिलाई नगर एवं पुलिस टीम ने देह व्यापार की शिकायत पर छापा मारा। यहां संचालक समेत 9 को गिरफ्तार किया गया। स्पा की आड़ में असम और पश्चिम बंगाल से डिमांड पर देह व्यापार करने वाली महिलाओं का रेस्क्यू किया गया है।

पुलिस को शिकायत मिली थी कि यहां स्पा की आड़ में देह व्यापार करवाया जा रहा है। पुलिस ने स्पा सेंटर से देव प्रकाश (29 वर्ष)  नेहरू नगर भिलाई, कंवलजीत सिंह (29 वर्ष)  सुपेला, दीपक अग्रवाल (46 वर्ष) राजनांदगाँव, जय टाँक (30 वर्ष) राजनांदगाँव, निवेश जैन (30 वर्ष) राजनांदगाँव, अमित सिंह (42 वर्ष) राजनांदगाँव, नूरज सिंह राजपूत  (34 वर्ष) हाउसिंग बोर्ड जामुल भिलाई, सुरेंद्र कुमार गुप्ता (44 वर्ष) अर्जुनी राजनांदगाँव सहित स्पा संचालक सारीक खान (33 वर्ष) फरीद नगर थाना सुपेला को गिरफ्तार किया है।

नगर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (आईपीएस) ने बताया कि सूर्या टीआई मॉल जुनवानी स्थित एसेंस स्पा सेंटर में देह व्यापार की शिकायतें मिल रही थी। सीएसपी निखिल राखेचा के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा छापा मारा गया। इस दौरान स्पा सेंटर में दीगर राज्य से असम एवं बंगाल से बुलाई गई महिलाओं से गैर कानूनी कार्य करवाया जा रहा था। ग्राहकों एवं महिलाओं को रंगे हाथों पकड़ा गया है।

पुलिस ने बताया कि ग्राहकों की इच्छाओं के अनुरूप सेवाएं महिलाओं द्वारा प्रदान की जा रही थीं। छापेमारी के दौरान महिलाएं और ग्राहक आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथ पकड़े गए हैं। यहां कंडोम सहित अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया गया है। स्पा सेंटर के मालिक की संलिप्तता भी इस अवैध कार्य में पाई गई है। स्पा सेंटर से 8 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है।

सीएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। यहां से 8 महिलाओं का रैस्क्यू किया गया है। सुपेला थाना अग्रिम कार्रवाई कर रहा है।


अन्य पोस्ट