दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 अप्रैल। आम रोड पर वाहन रोककर रकम की मांग करने वाले एक मामले में जांच के लिए पहुंचे प्रधान आरक्षक के साथ आरोपी ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए गाली गलौज की। इसके बाद गुस्साए आरोपी ने प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी की शिकायत पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक एक मामले के प्रार्थी सुनील कुमार डहरिया के साथ आरोपी शानू उर्फ सागर दीवान ने 13 अप्रैल की रात को प्रार्थी की मोटरसाइकिल क्रमांक बीवी 9015 को रोककर उससे जबरन शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। प्रार्थी की शिकायत के बाद आरोपी शानू उर्फ सागर दीवान तथा एक अन्य के खिलाफ पुलिस ने धारा 294, 323, 327, 427, 506, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। इसी मामले की जांच करने प्रधान आरक्षक रोशन सिंह एवं एक अन्य आरक्षक सुनील कुमार को साथ में लेकर जांच करने पहुंचे। तब वहां पर उपस्थित आरोपी शानू उर्फ सागर दीवान ने पहले सुनील कुमार डहरिया से वाद.विवाद करते हुए कहा कि मुझे पकडऩे के लिए पुलिस लेकर आए हो और यह कह कर वह झगड़ा करने लगा। जब प्रधान आरक्षक रोशन सिंह उसे समझाईश देने की कोशिश की तो वह प्रधान आरक्षक से कहा कि तुम पुलिस वाले मेरा क्या बिगाड़ सकते हो। यह कहकर गाली गलौज करते हुए रोशन सिंह से झूमा झटकी की और जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की शिकायत पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 186, 294, 323, 353, 506 के तहत अपराध दर्ज किया है।