दुर्ग

मंदिर की दानपेटी से नगदी चोरी, गिरफ्तार
14-Apr-2023 3:29 PM
मंदिर की दानपेटी से नगदी चोरी, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 अप्रैल।
हरि नगर शिव मंदिर के दान पेटी से नगदी रकम चुराने वाले आरोपी को मोहन नगर पुलिस ने चोरी के कुछ घंटे के भीतर ही पकड़ लिया है।

आज ओम प्रकाश शर्मा निवासी हरि नगर कातुलबोर्ड ने दुर्ग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात कोई अज्ञात चोर हरि नगर शिव मंदिर का दरवाजा, चैनल गेट का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश कर दान पेटी में रखे नगदी रकम लगभग साढ़े तीन हजार रुपये चोरी कर ले गया है। विवेचना के दौरान आरोपी की पतासाजी हेतु टीम को रवाना किया गया।

टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर संदेही का पता तलाश दौरान शक्ति नगर दुर्ग में एक युवक पुलिस पार्टी देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। उससे नाम पता पूछने पर अपना नाम ईश्वर यादव (21 वर्ष) निवासी रायपुर नाका बिजली ऑफिस के पास का बताया।  घटना के संबंध में पूछताछ करने पर शिव मंदिर में रात्रि को मंदिर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश कर दान पेटी में रखे नगदी रकम को चोरी स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किये गये रकम नगदी 3 हजार 500 रूपये बरामद कर जब्ती किया गया।
 


अन्य पोस्ट