दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 अप्रैल। सट्टा पट्टी और मोबाइल से दांव लगवा रहे छ: सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 8 मोबाइल और 6 कैलकुलेटर सहित डेढ़ लाख से ज्यादा की जब्ती की गई।
सुपेला पुलिस को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग लक्ष्मी नगर मटन मार्केट के पास एक मकान में सट्टा खिला रहे हैं, जहां पर लोगों का लगातार आना जाना लगा हुआ है। एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर सीएसपी निखिल राखेचा के मार्गदर्शन में टीम मौके पर पहुंची और उक्त मकान की घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की गई।
मौके पर आरोपी विनोद निषाद, रवि साहनी, अर्जुन निषाद, पंकज सिंह एवं सतोष साव मिले। आरोपियों से पूछताछ पर बताया कि उनके द्वारा सट्टा पट्टी एवं मोबाईल से सट्टा खिलाया जा रहा था। आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी, 8 मोबाईल, 6 कैल्कुलेटर एवं नगदी रकम कुल जुमला 1 लाख 61 हजार रूपये जब्त किया गया। आरोपियों को छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी विनोद निषाद (49 वर्ष) निवासी लक्ष्मी नगर मछली मार्केट सुपेला, रवि साहनी (33 वर्ष) निवासी राजीव नगर सुपेला, अर्जुन निषाद (28 वर्ष) निवासी लक्ष्मी नगर सुपेला, अर्जुन सोनकर (29 वर्ष) निवासी शीतला मंदिर के पास सुपेला, पंकज सिंह (31 वर्ष) निवासी शीतला मंदिर के पास सुपेला तथा संतोष राव (30वर्ष) निवासी लक्ष्मी नगर सुपेला को जेल भेजा गया है।