दुर्ग

टाउनशिप के घरेलू उपभोक्ताओं को भी छूट मिलनी चाहिए-पांडेय
11-Apr-2023 4:16 PM
टाउनशिप के घरेलू उपभोक्ताओं को भी छूट मिलनी चाहिए-पांडेय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 11 अप्रैल। राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 400 यूनिट तक बिजली बिल में छूट दी है, जिसका लाभ बीएसपी टाउनशिप के घरेलू उपभोक्ताओं को भी मिलना चाहिए। यह उनका संवैधानिक अधिकार है और यह छूट 2019 से टाउनशिप के रहवासियों को मिलनी चाहिए, अगर यह 1 मार्च 2023 से टाउनशिप वासियों को मिलता तो यह प्रस्ताव उचित नहीं है। यह सिर्फ आने वाले दो-चार महीनों के चुनाव को देखकर किया जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आधा धन्यवाद देते हुए उक्त आशय के विचार व्यक्त किए हैं।

गौरतलब हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 8 अप्रैल को भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान भिलाई टाउनशिप वासियों को हाफ बिजली बिल योजना का लाभ देने की घोषणा की। उनकी घोषणा का भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने आधा धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा वो पूरा धन्यवाद तभी देंगे, जब सरकार टाउनशिप वासियों को 1 मार्च 2019 से इस योजना का लाभ देगी। प्रेम प्रकाश पांडेय ने फेसबुक लाइव में भिलाईवासियों से रूबरू हुए। उन्होंने बीएसपी के घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल हाफ योजना का लाभ देने के मुख्यमंत्री की घोषणा को भिलाईवासियों की जीत बताते हुए कहा कि टाउनशिप के नेता और अधिकारी के पिछले साढ़े 3 साल से यह कहकर लोगों को गुमराह करते रहें है कि जब बीएसपी की सप्लाई लाइन सीएसपीडीसीएल को हैंड ओवर होगी तभी टाउनशिप के लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह प्रस्ताव कैबिनेट में रखने की घोषणा करके इन सभी को झूठा साबित कर दिया है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का वो स्वागत करते हैं लेकिन पूरा धन्यवाद तभी देंगे, जब योजना का लाभ यहां की जनता को साल 2019 से मिलेगा।

श्री पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी योजना को लेकर किसी भी दो कंपनियों के बीच में भेद नहीं कर सकती है। भिलाई में ऐसा पिछले साढ़े तीन साल से हो रहा था। बीएसपी टाउनशिप के लोगों को हाफ बिजली बिल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इसे लेकर उन्होंने हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका भी लगाई थी। उस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने बीते 27 मार्च को नोटिस जारी कर राज्य सरकार और बीएसपी से इस पर जवाब मांगा है। मुख्यमंत्री की घोषणा भले चुनाव का दबाव हो या हाईकोर्ट में लगी जनहित याचिका के कारण, लेकिन ये भिलाई की जनता की जीत है।

वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने राज्य सकार को चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार 1 मार्च 2019 से लागू हुए हाफ बिजली बिल का लाभ टाउनशिप के लोगों को लागू होने की तिथि से नहीं देती तो वो इसका समर्थन नहीं करेंगे।

 इतना ही नहीं इस मांग को लेकर उन्होंने जो आंदोलन शुरू किया है, उसे आगे भी जारी रखेंगे।


अन्य पोस्ट