दुर्ग
तहसीलदार, नायब तहसीलदारों ने दी 19 से चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 अप्रैल। तहसीलदार, नायब तहसीलदारों ने वेतन विसंगति दूर करने तथा अन्य लंबित मांगें पूरी करने एडीएम पद्मिनी भोई को मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।
लंबे समय से लंबित मांगों पर ध्यान नहीं देने से तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। इससे उनके संगठन में भारी असंतोष व्याप्त है। मांग पूरी नहीं होने पर 19 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रांताध्यक्ष कृष्ण कुमार लहरे की अगुवाई में संघ ने मुख्य सचिव, सचिव सामान्य प्रशासन विभाग, सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, आयुक्त भू अभिलेख को संघ की ओर से पत्र लिखकर मांगों को दर्शाते हुए तहसीलदारों को स मानजनक व अन्य समकक्ष अधिकारियों के समान सातवें वेतनमान आयोग के लेवल 12 की गणना अनुसार तथा नायब तहसीलदारों को लेवल 10 के अनुसार वेतन प्रदाय किए जाने की मांग रखी है।
इसी क्रम में जिले के तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांग रखी है।
उन्होंने कहा कि तहसीलदार प्रशासन के अत्यंत महत्वपूर्ण अंग बनकर राजस्व प्रकरणों के निराकरण करने के साथ ही कानून व्यवस्था, अतिवृष्टि, अल्प दृष्टि, सूखा बाढ़, जनगणना, निर्वाचन, कार्यपालिक दंडाधिकारी के रूप में शव पंचनामा, शिनाख्ती की कार्रवाई करना, जन समस्या निवारण शिविरों में प्रकरणों एवं समस्याओं का निराकरण, राजस्व वसूली, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, निरीक्षण एवं पयर्वेक्षण करना प्रोटोकॉल अंतर्गत वीआईपी ड्यूटी के साथ ही जिला प्रशासन के महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शासन के सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं के समय अनुकूल एवं गुणवत्ता पूर्वक निराकरण में सहभागी बनकर कार्य करते हैं।
परंतु वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत लंबे अरसे से वेतन में सुधार नहीं होने एवं अन्य मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण वे उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने वेतन में सुधार कर तहसीलदारों को स मानजनक व अन्य समकक्ष अधिकारियों के समान सातवें वेतनमान आयोग के लेवल 12 की गणना अनुसार तथा नायब तहसीलदारों को लेवल 10 के अनुसार वेतन प्रदाय किए जाने हेतु अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अपनी मांग रखी है।