दुर्ग
दुर्ग, 7 अप्रैल। गुरुवार को भगवान श्रीरामचंद्र के भक्त हनुमान जन्मोत्सव की धूम मची रही। शहर के सभी छोट-बड़े मंदिरों में सुबह से ही हनुमान जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। भजन-कीर्तन व सुंदरकांड के पाठ गूंजमान रहे। जिसके धुन में नाच-गाकर श्रद्धालु उत्साह के साथ अपनी श्रद्धा-भक्ति प्रकट करते रहे। कई मंदिरों से हनुमान जी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। भंडारा का आयोजन भी किया गया।
भंडारा में महाप्रसादी ग्रहण करने श्रद्धालू बड़ी संख्या में उमड़े। दुर्ग के कसारीडीह स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव पर दो दिवसीय विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर में सुबह से सुंदरकांड के पाठ में श्रद्धालु रमें रहे। हवनपूजन उपरांत हनुमानजी की महाआरती की गई। महाआरती उपरांत भंडारे के आयोजन में महाप्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ प्राप्त किया। जन्मोत्सव के पूर्व संध्या पर श्री पंचमुखी हनुमान जन्मोत्सव समिति, बजरंग नगर कसारीडीह द्वारा क्षेत्र में हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हनुमान जी के प्रति लोगों की आस्था देखते बन रही थी। जो हनुमान जी के जयकारे के रूप में प्रकट होते रही। विधायक अरुण वोरा, प्रकाश गीते व अन्य जनप्रतिनिधियों ने शोभायात्रा में शामिल होकर हनुमान जी के दर्शन किए और लोगों की खुशयाली व समृद्धि के लिए हनुमानजी से कामना की।
हनुमान जन्मोत्सव पर श्री पंचमुखी हनुमान जन्मोत्सव समिति, बजरंग नगर कसारीडीह के अध्यक्ष विजय चौधरी,देवनारायण चंद्राकर, उमेश यादव, सीनू यादव, आकाश यादव, रिंकू साहू, अजय यादव, उमेंदी यादव के अलावा अन्य सदस्य व्यवस्था बनाने में सक्रिय रहे। जन्मोत्सव उत्साह के साथ मनाया गया, जहां दिनभर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 7 अप्रैल को हिन्दू युवा मंच द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शाम 4 बजे शहीद चौक ग्रीन चौक से प्रारंभ होकर शहर के स्टेशन रोड से होते हुए पुराना बस स्टैण्ड पहुंचेगी। जहां हनुमान जी की महाआरती उपरांत शोभायात्रा का समापन होगा।