दुर्ग

हेमचंद विवि: एक सप्ताह में 52 नकल प्रकरण बने
06-Apr-2023 2:51 PM
हेमचंद विवि: एक सप्ताह में 52 नकल प्रकरण बने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 अप्रैल।
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की वार्षिक परीक्षाओं में विवि के अधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण कार्य जारी है। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विगत एक सप्ताह में विभिन्न महाविद्यालयों में 52 नकल प्रकरण बनाये गये है। महाविद्यालयों के प्राध्यापकों द्वारा वीक्षकीय कार्य के दौरान बनाये गये नकल प्रकरण भी इसमें शामिल है।

विवि के अधिकारियों ने विगत एक सप्ताह में शासकीय महाविद्यालय, डोंगरगांव, शासकीय महाविद्यालय, बोरी, शासकीय महाविद्यालय, धमधा, शासकीय महाविद्यालय, नंदनी अहिवारा, शैल देवी महाविद्यालय, अण्डा, माता कर्मा महाविद्यालय, गुण्डरदेही, शासकीय महाविद्यालय, गुण्डरदेही, शासकीय महाविद्यालय, बालोद, शासकीय महाविद्यालय, डौंडी, शासकीय महाविद्यालय, दल्लीराजहरा, शासकीय महाविद्यालय, डौंडी लोहारा, शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय, राजनांदगांव, शासकीय महाविद्यालय, ठेलकाडीह, शासकीय महाविद्यालय, खैरागढ़, शासकीय महाविद्यालय, छुईखदान, शासकीय महाविद्यालय, गंडई, शासकीय महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा, शासकीय कन्या महाविद्यालय, कबीरधाम, शासकीय पीजी महाविद्यालय, कबीरधाम, आदि का तीनों पालियों में आकस्मिक निरीक्षण किया।

परीक्षा के दौरान बनाये गये नकल प्रकरणों के संबंध में विवि द्वारा गठित यूएफएम कमेटी निर्णय लेगी। इस बीच बड़ी संख्या में नकल प्रकरण बनने पर चिंता जाहिर करते हुए विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने कहा कि नकल प्रकरण की संख्या बढ़ाना हमारा बिल्कुल मकसद नहीं है बल्कि हम सभी अधिकारियों एवं प्राध्यापकों का यह दायित्व है कि हम विद्यार्थियों में बढ़ती जा रही नकल की प्रवृत्ति को रोकने का प्रयत्न करें। डॉ. पल्टा ने समस्त परीक्षार्थियों से आग्रह किया कि शेष बचे प्रश्नपत्र में नकल का कदापि प्रयास न करें।

इस बीच उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन संबंधी जानकारी देते हुए विवि के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं के लगभग 12 लाख उत्तरपुस्तिकाओं में से लगभग 5 लाख उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन हेतु भेजी जा चुकी है, तथा विवि प्रशासन स्नातक एवं स्नातकोत्त्र स्तर की अंतिम वर्ष की कक्षाओं के परीक्षा परिणाम पहले जारी करने का प्रयास करेगा।
 


अन्य पोस्ट