दुर्ग

सडक़ किनारे ऑटो का इंतजार करते बुजुर्ग को स्कूटी ने मारी ठोकर, मौत
06-Apr-2023 2:13 PM
सडक़ किनारे ऑटो का इंतजार करते बुजुर्ग को स्कूटी ने मारी ठोकर, मौत

 तीन युवक स्कूटी समेत फरार, जांच में जुटी पुलिस 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 अप्रैल।
बीती रात पुरानी भिलाई थानांतर्गत स्कूटी की ठोकर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। पुलिस मामला दर्ज कर स्कूटी चालक की तलाश में जुट गई है।

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि दुर्घटना कल रात लगभग साढ़े 8 बजे चरोदा डीमार्ट के सामने की है। भिलाई-3 शांति नगर निवासी जुगल किशोर मेश्राम (74 वर्ष) हनुमान जयंती के कार्यक्रम में शामिल हो काली मंदिर चरोदा से पूजा पाठ करने के बाद घर लौट रहे थे। नेशनल हाइवे पैदल पार कर डीमार्ट के सामने सडक़ किनारे खड़े हो वो आटो का इंतजार कर रहे थे।

लोगों ने बताया कि इसी दौरान स्कूटी में सवार तीन लडक़े तेज रफ्तार में आए और पीछे से बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग उछल कर सडक़ पर दूर जा गिरे। तीनों लडक़े भी वहां गिरे, लेकिन जब तक लोग पहुंचते वो लोग वहां से गाड़ी लेकर भाग गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पेट्रोलिंग की गाड़ी वहां पहुंची। इसके बाद भिलाई तीन पुलिस को बुलाया गया।

भिलाई तीन पुलिस ने लोगों की मदद से बुजुर्ग को एंबुलेंस में डाला और सुपेला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। आज सुबह पंचनामा और पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
 


अन्य पोस्ट