दुर्ग

सेवानिवृत शिक्षक को श्रद्धांजलि
04-Apr-2023 6:59 PM
सेवानिवृत शिक्षक को श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 4 अप्रैल। सेवा निवृत शिक्षक आरएन श्रीवास्तव के निधन पर स्थानीय सियान सदन में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। लम्बे समय तक मीडिल स्कूल में अपनी सेवाएं देने वाले श्रीवास्तव सर अपने व्यवहार से विद्यार्थियों के ही नहीं बल्कि लोगों के मध्य भी बेहद चर्चित रहे थे। श्रद्धांजलि सभा में बोलते हुए नगरपालिकाध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि ऐसी शख्शियत का आकस्मिक चला जाना दुखद है, उनके दिए हुए ज्ञान ने हमें जीवन में निरन्तर आगे बढऩे की प्रेरणा दी।

पार्षद मनहरण यादव ने कहा कि मुझे भी उनका सानिध्य मिला है शिक्षा के साथ साथ उनसे पारिवारिक आत्मीय संबंध रहा। सभा का संचालन करते हुए सेवानिवृत शिक्षक एवं सियान सदन के अध्यक्ष मुरारीलाल साव से उनके साथ अपने संबंधों के बारे में बताते हुए कहा कि अध्यापन के क्षेत्र में उनका नाम है, वे कुशल व्यवहार व श्रेष्ठ विज्ञान शिक्षक के साथ साथ एक अच्छे मित्र और सहयोगी भी थे। विभिन्न विषयों पर उनसे घंटों चर्चा होती थी वे बेहद शांत, गंभीर और सहयोगी स्वभाव के थे। जीवन के अंतिम दिनों में भी वे अपने साथियों एवं विद्यार्थियों से मिलते थे। उनका इस तरह जाना हमसब के लिए अपूरणीय क्षति है।

शोक सभा में शिक्षक, सेवानिवृत शिक्षक एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अंत में सभी ने मृतात्मा को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की साथ ही उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये।


अन्य पोस्ट