दुर्ग

स्थानीय बाडिय़ों की सब्जियों की नीलामी 9 बजे के बाद शुरू करने के अपने ही आदेश का पालन कराने में मंडी प्रशासन विफल
13-Mar-2023 3:06 PM
स्थानीय बाडिय़ों की सब्जियों की नीलामी 9 बजे के बाद शुरू करने के अपने ही आदेश का पालन कराने में मंडी प्रशासन विफल

 दलालों ने 8 बजे तक सब्जियों की नीलामी कर दी 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मार्च।
मंडी सचिव के 4 फरवरी के आदेश का पालन करते हुए बिजेतला, पुरदा, ढाबा, ननक_ी, नवागांव सहित अन्य गांव के आधा सैकड़ा किसान अपनी बाडिय़ों की ताजी सब्जियां लेकर 9 बजे थोक सब्जी मंडी में अपने अपने दलालों की दुकानों में पहुंचे, एक घंटे तक सब्जियों के बिकने का इंतजार किया, किंतु दलाल किसानों की सब्जियों को बिकवाने में विफल रहे, ढाबा के किसान मेघराज मढ़रिया बंधी और टमाटर बेचने के लिए लाये थे, किंतु उनके दलाल ने सब्जी बिकवाने में असमर्थता व्यक्त कर दिया। 

जिले के सब्जी उत्पादक किसानों की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के बैनर तले किसानों ने मंडी गेट के बाहर अपनी किसान सब्जी मंडी सजा लिया और सिर्फ एक घण्टा में ही लगभग 50 क्विंटल सब्जियां सीधे उपभोक्ताओं को बाजार से लगभग आधे दाम में बेच दिया कुछ कोचियों और होटल संचालकों ने भी थोक के भाव में किसानों की सब्जियों को खरीद लिया। किसान सब्जी मंडी में लाल भाजी, मेथी भाजी, प्याज भाजी, मूली भाजी, जड़ी, धनिया पत्ती, बैंगन, बंधी सहित अन्य सब्जियों की बिक्री की गई।

किसानों ने निर्णय लिया है कि मंगलवार को पुन: अपनी सब्जी बेचने के लिए 9 बजे थोक सब्जी मंडी पहुंचेंगे और यदि मंडी सचिव के आदेश के अनुसार स्थानीय बाडिय़ों की सब्जियों की नीलामी 9 बजे से पहले शुरू किया गया तब पुन: किसान सब्जी मंडी सजाकर आम उपभोक्ताओं को कम दाम में ताजी सब्जियां बेचेंगे, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने मंडी सचिव के आदेश का उल्लंघन करने वाले के लाईसेंस निरस्त करने और उनसे दुकान वापस लेने की मांग की है।


अन्य पोस्ट