दुर्ग

किन्नर की नर्स से मारपीट बाद जिला अस्पताल कर्मियों ने दिया सांकेतिक धरना
13-Mar-2023 1:42 PM
किन्नर की नर्स से मारपीट बाद जिला अस्पताल कर्मियों ने दिया सांकेतिक धरना

सिविल सर्जन से चौकी प्रारंभ करने की मांग, आश्वासन पर माने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 मा
र्च 7 जिला अस्पताल दुर्ग में आज सभी कर्मचारियों के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस चौकी की मांग को लेकर सांकेतिक धरना दिया गया। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी मेश्राम एवं सिविल सर्जन डॉ. वायके शर्मा ने कर्मचारियों की मांग को स्वीकार करते हुए सभी को आश्वस्त किया कि सुरक्षा दृष्टिकोण से शीघ्र ही अस्पताल में पुलिस चौकी शुरू करने के लिए जिला प्रशासन के समक्ष मांग रखी जाएगी। इसके बाद सभी कर्मचारी धरना समाप्त करते हुए अपने अपने काम पर लौट गए।

ज्ञात हो कि बीते दिवस एक किन्नर द्वारा नर्स से मारपीट की गई थी। पीडि़त नर्स की रिपोर्ट पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने अपराध कायम कर आरोपी किन्नर को गिरफ्तार भी किया था,  परंतु इस घटना से आहत कर्मचारियों ने सिविल सर्जन डॉ. वायके शर्मा के समक्ष सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी प्रारंभ करने की मांग की।

सांकेतिक रूप से सभी कर्मचारियों के द्वारा धरना भी प्रारंभ किया गया। जानकारी लगते ही जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी मेश्राम भी अस्पताल पहुंच गए। उनके द्वारा धरने पर मौजूद सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को आश्वस्त किया गया कि अस्पताल कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही पुलिस चौकी प्रारंभ की जाएगी।

उन्होंने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते हुए कहा कि उनके द्वारा इस मामले में पुलिस अधीक्षक दुर्ग से भी चर्चा की गई है और तत्काल सुरक्षा बल भी मांगा गया है, ताकि अस्पताल परिसर में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
उन्होंने बताया कि पूर्व में पुलिस चौकी हुआ करती थी। पुन: अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी प्रारंभ की जाएगी। धरना में उपस्थित कर्मचारियों ने एक स्वर से कहा कि तीनों ही पारियों में महिला कर्मचारियों के द्वारा कार्य किया जाता है, इसे ध्यान में रखते हुए महिला कर्मचारियों की सुरक्षार्थ अनिवार्य रूप से अस्पताल परिसर में चौकी प्रारंभ होनी ही चाहिए।
 


अन्य पोस्ट