दुर्ग

आरक्षक के घर से जेवरात व रकम की चोरी
12-Mar-2023 3:45 PM
आरक्षक के घर से जेवरात व रकम की चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 दुर्ग, 12 मार्च।
भिलाई नगर थाना में आरक्षक के पद पर कार्यरत महिला कर्मी के निवास से अज्ञात आरोपी ने लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरात एवं नगद रकम की चोरी कर ली। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

न्यू पुलिस लाइन निवाQसी विनीता राजपूत आरक्षक के पद पर कार्यरत है। 25 फरवरी की शाम 7.30 बजे वह अपने पुत्र अंशु सिंह को ट्यूशन से लेने प्रथम बटालियन भिलाई गई हुई थी। घर पर उसके पिता अकेले थे। घर का आगे एवं पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। बेडरूम में रखी अलमारी में चाबी हमेशा की तरह लगी हुई थी। 7 मार्च को सुबह 7.30 बजे जब अलमारी खोलकर पीडि़ता ने देखी तो अलमारी के लॉकर के अंदर रखे स्टील की छोटी पेटी जिसमें जेवरात रखे हुए थे वह गायब था। इस पेटी में पीडि़ता के विवाह के समय उपहार में मिले हुए जेवरात तथा उसकी मां के सोने चांदी के जेवरात रखे हुए थे। अज्ञात चोर ने 5 तोला वजन के 5 सोने के हार, 4 तोला वजन के 4 मंगलसूत्र, एक सोने की चैन, 1 जोड़ी सोने की बाली, 2 सोने के छल्ले, एक अंगूठी, 3 जोड़ी चांदी की करधन, चांदी का छल्ला, चांदी का पायजेब, 4 जोड़ी चांदी की पायल आदि सहित 10000 रुपए की चोरी कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

 


अन्य पोस्ट