दुर्ग
दुर्ग, 12 मार्च। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में ग्राम पंचायत सचिवों के शासकीयकरण के विषय में कोई प्रावधान नहीं होने से पंचायत सचिवों में भारी रोष व्याप्त है प्रदेश पंचायत सचिव संघ द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार जिले में पंचायत सचिवों ने गोबर खरीदी के कार्य बंद कर दिए है। गोबर खरीदी बंद करने के बाद अब वे काम बंद कलम बंद हड़ताल में जाने की तैयारी कर रहे हैं। पंचायत सचिवों ने 16 मार्च से काम बंद कलम बंद हड़ताल की चेतावनी दी है। प्रदेश पंचायत सचिव संघ के प्रांत अध्यक्ष तुलसी साहू का कहना है कि छत्तीसगढ़ में कार्यरत प्रदेश पंचायत सचिवों को दिये गये आश्वासन को अमल नहीं करते हुए में बजट 2023-24 में पंचायत सचिवों के शासकीयकण के विषय में किसी भी प्रकार प्रावधान नहीं किया गया है। इसके कारण से प्रदेश पंचायत सचिव संगठन छत्तीसगढ़ द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के किसी भी ग्राम पंचायत में पंचायत सचिवों द्वारा मार्च से गोबर खरीदी का कार्य नही करेगें।
इस संबंध में संचालक पंचायत एवं संचालक कृषि विभाग को संघद्वारा जानकारी दे दी गई है उनका कहना है कि पंचायत सचिव का एकसूत्रीय मांग परिविक्षा अवधि पश्चात शासकीयकरण की है। उनकी मांग पर विभिन्न ग्राम पंचायत में कार्यरत पंचायत सचिव का बजट 2023-24 में शासकीयकरण करने पंचायत मंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया था, किंतु बजट में पंचायत सचिव की शासकीयकरण के संबंध में कोई पहल नहीं होने से छग के समस्त पंचायत सचिवों में रोष व्याप्त हैं।
प्रदेश पंचायत सचिव संगठन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष यशवंत आडिल का कहना है कि संगठन ने अपर सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को भी पत्र लिखा है।
इसमें कहा गया है कि पंचायत सचिव के एक सूत्रीय मांग परिविक्षा अवधि पश्चात शासकीयकरण के संबंध में 15 मार्च तक सकारात्मक पहल नहीं की जाती हैं तो छग में कार्यरत सभी पंचायत सचिव 16 मार्च से सभी ब्लाक में काम बंद कलम बंद हडताल पर रहेंगे।