दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 27 फरवरी। यातायात नियमों के परिपालन में दुर्ग पुलिस होली पूर्व विशेष अभियान चलाकर लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही है। डीएसपी सतीश ठाकुर खुद टीम के साथ चौक-चौराहों पर सरप्राइज़ चेकिंग कर रहे हैं।
इसी दौरान रायपुर की ओर से भिलाई आ रही कार क्रमांक सीजी 04 एमयू 2211 के सामने नंबर अधूरा पाया गया तथा कार चालक ने पीछे की नंबर प्लेट निकाल कर काले रंग की पट्टी लगा उस पर मिस्टर कुमार लिखा हुआ स्टीकर बना चिपका रखा था।
जब यह लग्जरी कार हाईवे पर दौड़ती चौक पर लाल सिग्नल पर रूकी तो डीएसपी की नजर इस वाहन पर पड़ गई। नतीजतन सारे कागजात चेक करने के बाद वाहन चालक को गाड़ी से उतार न सिर्फ चालान किया गया बल्कि स्टीकर उखाड़ नियमानुसार नंबर प्लेट लगवाने के बाद ही कार ट्रैफिक टावर से छूटी।
डीएसपी ठाकुर ने बताया कि शहर के सभी नागरिकों की सुरक्षा के लिए यातायात का पालन बहुत जरूरी है। दोपहिया चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट कंपल्सरी है। इसके अलावा नंबर प्लेट, लायसेंस सहित आवश्यक कागजात लेकर ही लोग सडक़ पर वाहनों के साथ उतरें। दुर्ग यातायात पुलिस लगातार अभियान चला कर लोगों को जागरूक करती रही है और यह अभियान जारी है।