दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 22 फरवरी। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्ड क्रमांक 5 कुम्हारी स्थित गायत्री मंदिर प्रांगण में तीन दिवसीय 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ प्रज्ञा पुराण कथा एवं दीप महायज्ञ का आयोजन सम्पन्न हुआ।
यह आयोजन तीन दिनों तक गायत्री प्रज्ञा पीठ कुम्हारी के तत्वाधान में शांति कुंज हरिद्वार के प्रज्ञापुत्रों द्वारा संपन्न किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं द्वारा गायत्री मंदिर से शीतला तालाब पहुंच कर वहां से जल भरकर यज्ञ स्थल पर जल कलश स्थापित किया गया, जिसके पश्चात प्रज्ञा पुराण कथा प्रारंभ देव स्थापना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर आरती की गई।
द्वितीय दिवस में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव अभिषेक कर यज्ञ प्रारंभ किया गया। इसी क्रम में विद्यारंभ भी किया गया, दूसरी पाली में यज्ञ पुराण कार्य प्रारंभ हुआ संध्या काल में द्वीप महायज्ञों के क्रम में महाकाल को आव्हान करते हुए आगंतुक अतिथियों के द्वारा दीप यज्ञ प्रारंभ किया गया, जिसमें सर्वश्री रामाधार शर्मा (सांसद प्रतिनिधि) नारायण वर्मा (अध्यक्ष ऋतंभरा साहित्यिक समिति ) एवं राम कुमार सोनी (सांसद प्रतिनिधि) उपस्थित रहें। तत्पश्चात् भव्य आरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में देव संस्कृति विवि कुम्हारी के छात्राओं द्वारा आदिवासी एवं सुवा नृत्य एवं योग विभाग के छात्रों द्वारा आकर्षक एवं जटिल योग क्रिया का प्रदर्शन किया गया, जिसका श्रद्धालुओं ने भरपूर लाभ लिया। अंतिम दिवस में यज्ञ कार्य के मध्य दीक्षा संस्कार एवं विद्यारग संस्कार संपन्न किया गया। आयोजन के अंत मे संस्कार क्रम में टोली नायक द्वारा विस्तार से प्रकाश डाला गया तथा यज्ञ की पूर्णाहुति कर पंडाल में भोजन प्रसाद वितरित किया गया।