दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 फरवरी। विधायक एवं राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने कहा है कि ईडी छापामार कार्रवाई केन्द्र में सत्तासीन भाजपा सरकार की हताशा का परिणाम है। भारत जोड़ो यात्रा की सफलता और अडानी सच्चाई उजागर होने के बाद भाजपा की बौखलाहट बढ़ गई है। इसलिए रायपुर में प्रस्तावित कांग्रेस के 85वांं महाधिवेशन को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस के हौसले टूटने वाले नहीं है कांग्रेस का चरित्र साफ-सुथरा व बेदाग है। श्री वोरा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार की विकास यात्रा निरंतर जारी है। प्रदेश सरकार के कई निर्णयों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। ईडी की कार्रवाई से राज्य में सत्तासीन प्रदेश सरकार का मनोबल प्रभावित होने वाला नहीं है। आने वाले समय में कांग्रेस की ही जीत होगी। देश की जनता जानती है कांग्रेस ने हमेशा लडक़र ही विजय हासिल की है।
श्री वोरा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित राजधानी रायपुर पचपेड़ी नाका स्थित प्रवर्तन निर्देशालय ईडी कार्यालय के घेराव व प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उक्त बाते कही। वोरा ने कहा कि ईडी प्रधानमंत्री के हाथ में विपक्ष के खिलाफ एक हथियार बन गया है। पिछले 9 साल के अंतराल में ईडी ने जितने भी कार्रवाई की है उसमें सबसे ज्यादा मामले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बनाए गए है। रायपुर में आयोजित महाधिवेशन से पूर्व मोदी सरकार की ओर से ईडी का दुरुपयोग कर छग कांग्रेस नेताओं पर छापा मारना भाजपा की कायरता को दर्शाता है।