दुर्ग
ईडी अफसरों पर दया आ रही है-विधायक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 फरवरी। भिलाई के विधायक देवेन्द्र यादव देर रात करीब पौने 2 बजे जब ईडी की पूछताछ खत्म हुई, तो अपने घर से बाहर निकले, तो उन्हें समर्थकों ने कंधे पर उठा लिया।
बाद में उन्होंने समर्थकों को संबोधित किया, और कहा वह दिन दूर नहीं है कि जब ईडी के लोग सरकार के दबाव को बताने मीडिया की शरण में आएंगे। पीएम, और केंद्रीय गृहमंत्री की जोड़ी को समझ जाना चाहिए कि कोई भी पैंतरे आजमा लो छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार को नहीं हिला सकते। ईडी की इस कार्रवाई ने मुझे और भी मजबूत कर दिया है, उनके सभी सवालों का जवाब मैंने दिया है।
इससे पूर्व भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव कल रात लगभग पौने 2 बजे जब ईडी की 23 घंटे की पूछताछ के बाद अपने निवास से बाहर निकले तो समर्थकों ने उन्हें कंधे पर उठा लिया और नारेबाजी करने लगे। काफी देर तक कल सुबह से विधायक निवास के बाहर डेरा डाले युवा समर्थकों के बीच देवेन्द्र ईडी पूछताछ के बाद बाहर आए। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई, भाजपाई कोई भी नहीं रोक सकता, छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस और भूपेश बघेल की सरकार बनेगी।
ईडी की जांच का घंटों सामना करने के बाद अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि हम हर सवाल के लिए तैयार हैं, हर तरह के सवाल के जवाब दिए गए हैं, हर तरह की चुनौती हमें स्वीकार है। उन्हें महसूस हुआ कि आने वाले समय में ईडी के अफसर भी इस सरकार के दबावपूर्ण कार्यशैली के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आकर अपनी बातों को रखेंगे और कहेंगे कि इस केंद्र सरकार से हम भी परेशान हैं और यह सरकार हमें परेशान कर रही है, सब जगह भेज रही है। ईडी के लिए कार्य करने वाले अफसरों पर भी दया आ रही है। ईडी के द्वारा बिना जानकारी के बिना डिटेल के कांग्रेस नेताओं को टारगेट किया जा रहा है।


