दुर्ग

चक्काजाम करने वाले दो दर्जन भाजपा नेताओं पर अपराध दर्ज
18-Feb-2023 5:49 PM
चक्काजाम करने वाले दो दर्जन भाजपा नेताओं पर अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 18 फरवरी। भिलाई-3 में पूर्व पालिका अध्यक्ष सीता साहू के पति और भाजपा नेता प्रेमलाल साहू, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष फिरोज फारूखी सहित भाजपा नेता दिलीप पटेल, तुलसी ध्रुव व उनके अन्य साथियों के खिलाफ धारा 147 और 341 के तहत पुरानी भिलाई थाना में अपराध दर्ज किया गया है। इसी तरह दुर्ग थाना में भी भाजपा जिलाध्यक्ष सहित 18 लोगों पर अपराध दर्ज हुआ है।

शुक्रवार को भाजपा के चक्काजाम कार्यक्रम के दौरान भीड़ में फंसे एक आईटीआई छात्र और दुर्ग थाना में श्रवण नागरे ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी है।

मिली जानकारी के अनुसार भिलाई-3 थाना पहुंच इंदिरा पारा निवासी 22 वर्षीय राहुल साव ने पुलिस को बताया कि वह शासकीय आईटीआई पावर हाउस में इलेक्ट्रिकल ब्रांच का स्टूडेंट है। शुक्रवार की  दोपहर करीबन 3 बजे वह अपनी मोटर सायकल से दोस्त अनुराग सिंह को पेट में दर्द होने से उसका उपचार कराने सनशाईन अस्पताल भिलाई-3 ले जा रहा था। जैसे ही सिरसा गेट चौक के पास पहुंचा, वहां पर बीजेपी के प्रेमलाल साहू, सुषमा जेठानी, फिरोज फारूकी, दिलीप पटेल, तुलसी ध्रुव व अन्य उसके साथी जीई रोड में अपनी मांगों को लेकर आने-जाने वाले वाहनों को रोक कर चक्काजाम किये थे। राहुल की बाईक समेत अन्य छोटे-बड़े कई वाहन 3.55 बजे तक फंसे रहे। जिससे राहुल व अन्य आने-जाने वालों को अत्यधिक परेशानी हुई।

राहुल ने पुलिस शिकायत में कहा कि वह वाहनों को रोककर चक्काजाम करने वालों के खिलाफ कार्यवाही चाहता है। पुरानी भिलाई पुलिस ने सभी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

दुर्ग में श्रवण कुमार नागरे जो कि पेशे से ड्राइवर है की रिपोर्ट पर से जिला भाजपा अध्यक्ष दुर्ग जितेंद्र वर्मा सहित रितेश साहू, हिमांशु सिंह, प्रांजल उमरे कसारीडीह, निलेश अग्रवाल, गजेन्द्र यादव, शरद अग्रवाल, रजा खोखर, विजय ताम्रकार, बंटी चौहान, अहमद अली, सुरेन्द्र कौशिक, जितेन्द्र वर्मा, मनोज सोनी, रजनी श्रीवास्तव, सुनील साहू, नीरज पाण्डेय, अमित पटेल 18 महेश जैन एवं अन्य लोग के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट