दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 फरवरी। निर्मम हत्या करने वाले तीन आरोपियों को कोर्ट ने सजा दी है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार टामक की कोर्ट ने आरोपी सौदागर उर्फ दादू (21), कमलेश साहू (26) व कपिल साहू (25) रसमड़ा को धारा 302, 34 के तहत आजीवन कारावास, एक-एक हजार रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर तीन-तीन माह के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक छन्नू लाल साहू ने पैरवी की थी। ग्राम रसमड़ा निवासी करण ठाकुर का पूर्व में आरोपी सौदागर उर्फ दादू कमलेश साहू एवं कपिल साहू के साथ मोबाइल टॉर्च की लाइट बंद करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इस बात को लेकर आरोपीगण करण ठाकुर से बदला लेने की फिराक में थे।
15 अगस्त 2021 को आरोपियों ने रायपुर स्टील प्लांट में कार्य करने वाले नागेंद्र निषाद को जबरन रोककर उसी के माध्यम से फोन करवा कर योजनाबद्ध तरीके से करण ठाकुर को बाजार चौक में बुलाया। जब करण ठाकुर वहां पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट प्रारंभ कर दी।
एक आरोपी ने पीछे से 2 किलो ग्राम वजन के हथौड़े से करण के सिर पर वार कर दिया। एक आरोपी ने बड़ा पत्थर उठाकर उसे कुचल दिया। इससे करण ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। खून से सनी लाल लाश छोडक़र आरोपी वहां से भाग निकले थे। फरार आरोपियों को अंजोरा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।