दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 फरवरी। पीएम आवास योजना और पट्टा वितरण पर रोक, पेयजल प्रदाय में नाकामी, अस्तव्यस्त कानून व्यवस्था, निम्न स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं, बदहाल सडक़ें, खराब सफाई व्यवस्था जैसे अनेकों मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं पीएम आवास का इंतजार कर रहे लोग सतरूपा शीतला मंदिर सिविल लाइन में इक_ा हुए।
जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व और दुर्ग विधानसभा प्रभारी पूर्व विधायक प्रीतम साहू विशेष उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने मां शीतला माता की आरती की तत्पश्चात कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के पदमनाभपुर स्थित निवास तक पदयात्रा रैली निकाली। रैली सतरूपा शीतला मंदिर सिविललाइन से जेल चौक होते हुए विधायक निवास पहुंची। घेराव करने निकले लोगों ने रास्ते भर भूपेश बघेल और अरुण वोरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गरीबों का हक मारने के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के निवास के चारों तरफ पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन बैरिकेडिंग को तोडक़र भाजपा कार्यकर्ता अरुण वोरा के निवास तक पहुंचने में सफल हो गए। विधायक अरुण वोरा ने अपने निवास से बाहर निकल कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करनी चाही और आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार द्वारा पीएम आवास का फंड जारी नहीं किया जा रहा है तो अरुण वोरा के झूठ को उजागर करते हुए दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने विगत वर्ष पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव द्वारा सीएम बघेल को 16 जुलाई 2022 को लिखी गई चि_ी दिखाई, जिसमें टीएस सिंह देव ने प्रधानमंत्री आवास की करोड़ों रुपए की राशि कांग्रेस सरकार द्वारा वापस लौटाए जाने के लिए मुख्यमंत्री से नाराजगी व्यक्त की गई थी।
विधायक निवास के सामने जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि जनता अपना प्रतिनिधि समस्याओं के निराकरण के लिए चुनती है ना कि अपनी समस्याएं बढ़ाने के लिए। विधायक अरुण वोरा ने जनता की समस्याओं के निराकरण की बजाए अपने राजनीतिक कुनबे को बढ़ाने में ज्यादा ध्यान दिया चाटुकारिता करने वाले एक अकर्मण्य व्यक्ति को दुर्ग शहर का महापौर बना दिया जिसे कठपुतली की तरह वे इस्तेमाल करते है परिणामस्वरुप दुर्ग की दुर्गति हो रही है।
उन्होंने कहा, गरीबों के सपनों को तोडऩे वाले ऐसे नेताओं को अब सत्ता से बाहर करने का समय आ गया है। पट्टा वितरण के लिए आवेदन देने के बाद गरीबों की आंखें थक गई, लेकिन अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल की नींद नहीं खुली। शहर के 22 वार्डों में पेयजल के लिए माताएं-बहनें तरस रही हैं, लेकिन केंद्र द्वारा भेजी गई अमृत जल मिशन की राशि में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार करके आज तक योजना को पूरा नहीं किया जा सका है। ठगड़ा बांध को लेकर किया जा रहा भ्रष्टाचार भी जगजाहिर है।