दुर्ग

दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के अंजोरा मंडल में भाजपा की पदयात्रा
15-Feb-2023 3:13 PM
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के अंजोरा मंडल में भाजपा की पदयात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 फरवरी
। प्रदेश कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और विधायक ताम्रध्वज साहू की नाकामियों लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में दूसरे दिन की जन आक्रोश पदयात्रा अंजोरा मंडल के ग्राम बेलौदी के शीतला मंदिर से प्रारंभ हुई, जो मालूद, नगपूरा, बोरई, गनियारी, रसमड़ा, खपरी, सिलोदा, अंजोरा, थनौद, खाड़ा होकर देर शाम निकुम पहुंचकर आमसभा में परिणित हुई। 

इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के ग्रामीण जनों से मोर आवास मोर अधिकार के मांग पत्र फॉर्म भरवाया गया तथा केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क किया गया पदयात्रा में गांव के किसानों, गरीबों और महिलाओं ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए संकल्प लिया कि अगले विधानसभा चुनाव में भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकेंगे।

पदयात्रा के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार  गरीबो एवं किसानों का हक छीन रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रत्येक गरीब को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना लायी गई है, जिसे छत्तीसगढ़ में लागू होने से भूपेश सरकार ने रोक लगा दी है। इस कारण गरीबों को पक्की छत वाला घर नसीब नहीं हो पा रहा है, योजना को सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक द्वेष की भावना से रोक कर रखा है, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि राजनीतिक दुर्भावना को एक तरफ रख जनता को प्रधानमंत्री आवास योजना का हित अगर मिले तो क्या बिगड़ जाएगा। 

जितेंद्र वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसी भी कोने का व्यक्ति जब दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पहुंचता है, तो उसके मन के अंदर एक भाव रहता है कि ग्रामीण विधानसभा का विधायक प्रदेश का गृहमंत्री और पीडब्ल्यू मंत्री है तो यहां की कानून व्यवस्था और सडक़ें तो निश्चित तौर पर पूरे प्रदेश में अग्रिम पंक्ति पर होनी चाहिए, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। ग्रामीण विधानसभा की बदहाल सडक़ों के कारण आए दिन लोग काल का ग्रास बन रहे हैं।

 


अन्य पोस्ट