दुर्ग
जिला संयोजक संतोष ने चार विस में प्रशिक्षण पूरा किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 फरवरी। भाजपा दुर्ग जिला के पंद्रह हजार कार्यकर्ताओं को डिजिटल टेक्नोलॉजी से लैस करने डाटा प्रबंधन के जिला संयोजक संतोष सोनी विभिन्न मण्डलों में कार्यशाला कर रहे हैं।
अब तक दुर्ग शहर विधानसभा के चण्डी शीतला मण्डल, सिकोलाभाठा पटरीपार मण्डल, गंजपारा सदर मण्डल, दुर्ग ग्रामीण के अंजोरा व उतई मण्डल, अहिवारा के अहिवारा व जेवरा सिरसा मण्डल, पाटन के उत्तर पाटन मण्डल, दक्षिण पाटन मण्डल व मध्य पाटन मण्डल, साजा के बोरी लिटिया मण्डल के प्रशिक्षण कार्यशाला में ऑडियो-वीडियो प्रोजेक्टर के माध्यम से हजारों कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर चुके हैं।
धमधा मण्डल व बोरसी कसरीडीह मण्डल के प्रशिक्षण के बाद अब दुर्ग जिला भाजपा के सात सौ पच्चासी बूथों में बूथ समिति के सदस्यों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए मण्डल की डाटा प्रबंधन की टीम का गठन कर लिया गया है।
मण्डल की डाटा प्रबंधन टीम में एक-एक विस्तारक की भी नियुक्ति की गई है, जिन्हें मण्डल के बूथ समिति व पन्ना प्रभारी के सत्यापन करने का अधिकार भी दिया गया है।
विदित हो कि पूरे देश भर में भारतीय जनता पार्टी के ऐप को कार्यकर्ताओं के एंड्रॉयड मोबाईल फोन में डाउनलोड किया जा रहा है, जिसके माध्यम से सभी कार्यकर्ता केंद्रीय व प्रदेश तथा जिला कार्यालय से जुड़े रहेंगे एवं भविष्य में इसी ऐप के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के समस्त दिशा निर्देश व सूचनाएं जमीनी कार्यकर्ताओं को दी जाएगी। इस ऐप में अनेक उपयोगी जानकारियां रहेंगी, जिसका उपयोग विभिन्न दायित्व व पदक्रम के कार्यकर्ता अपने अपने स्तर पर कर सकेंगे, जिससे कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता व कुशलता में कई गुना बढ़ोतरी होगी। संयोजक संतोष सोनी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव का युद्ध कार्यकर्ता डिजिटल तकनीक व कौशल से लड़ेगा।