दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 फरवरी। वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारी कर्मचारियों पर जल्द ही तबादले की गाज गिरने वाली है। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छग शासन सदस्य रत्नावली कौशल ने मुंगेली जिले में वर्षों से जमे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वे ऐसे अफसरों और कर्मियों की सूची तैयार कर चुकी हैं और यह सूची जल्द ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंपी जाएगी।
एक बयान में हिन्द सेना महिला ब्रिगेड राष्ट्रीय अध्यक्ष रत्नावली कौशल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यालय तथा जिले के विकासखंड मुख्यालयों में विभागों में ऐसे कई अधिकारी कर्मचारी हैं, जो विगत कई वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। ये अधिकारी कर्मचारी अपनी मर्जी के मालिक बन बैठे हैं और जनप्रतिनिधियों को नजर अंदाज करते हुए जमकर भ्रष्टाचार को अंजाम दे रहे हैं। इनमें महिला और पुरुष दोनों ही वर्गों के अधिकारी कर्मचारी शामिल हैं। इन अधिकारी कर्मचारियों के रवैए के कारण छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रत्नावली कौशल ने कहा है कि कांग्रेस सरकार और जनप्रिय एवं निर्विवाद छवि वाले मुख्यमंत्री को बदनाम करने वाले ऐसे अधिकारी कर्मचारियों को हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रत्नावली कौशल ने कहा कि भ्रष्ट और वर्षों से जिले में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची लगभग तैयार हो चुकी है। सूची में सभी विभागों के दागी और लंबे समय से पदस्थ अधिकारी कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची सौंपेंगी और मुख्यमंत्री से त्वरित कार्रवाई करने आग्रह करेंगी।